डंडा बरसाने में जमशेदपुर ट्रैफिक पुलिस का जवाब नहीं, नाक-आंख बचाना आपकी जिम्मेदारी
जमशेदपुर यातायात पुलिस हमेशा अपने करनामों के कारण चर्चा में रहती है जिसका काम यातयात व्यवस्था में सुधार से नहीं बल्कि हेलमेट चेकिंग अभियान चला जुर्माना वसूली रह गया है जिसको लेकर हमेशा चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस और लोगों के बीच बकझक भी हो जाती है।
जमशेदपुर, जासं। जमशेदपुर यातायात पुलिस हमेशा अपने करनामों के कारण चर्चा में रहती है जिसका काम यातयात व्यवस्था में सुधार से नहीं बल्कि हेलमेट चेकिंग अभियान चला जुर्माना वसूली रह गया है। इसको लेकर हमेशा चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस और लोगों के बीच बकझक भी हो जाती है तो कभी चेकिंग से बचने को बाइक सवार भागने की कोशिश में दुर्घटना के शिकार हो जाते है।
पुलिस लाठियां बरसाने में भी कोई कसर नहीं छोड़ती। सोमवार को साकची थाना के सामने यातयात पुलिसकर्मी ने चेकिंग में नहीं रुकने पर बाइक बुलेट सवार अभिषेक यादव पर लाठियां बरसा दी। उसे नाक में गंभीर चोट आई। नाक से खून निकलने लगा। लोगों की भीड़ लग गई तो पुलिसकर्मी इधर-उधर खिसक गए। घायल युवक ने एमजीएम अस्पताल में इलाज कराया। वह मानगो का रहने वाला है।
युवक की कर दी थी जमकर पिटाई
हालांकि युवक बिना हेलमेट का था। पुलिस ने उसकी बुलेट भी जब्त कर ली। उसके साथ राजा और मन्नू भी थे। युवक ने कहा कि पुलिसकर्मी के रोकने पर उसने वाहन रोक दी थी। पुलिसकर्मी ने लाठी से नाक पर मार दिया। ऐसी पहली घटना नहीं है। अक्सर ऐसा होता है। कुछ दिन पहले मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर पर बाइक सवार युवक कार से टकरा गया। वहां खड़े पुलिसकर्मी ने युवक की जमकर पिटाई कर दी थी।
मंत्री की पुत्री बैठ गई थी धरना पर
चेकिंग में परिवहन मंत्री की पुत्री से दुव्र्यवहार किए जाने के कारण मंत्री पुत्री सड़क पर बैठ गई थी और विरोध जताया था। दरअसल, चेकिंग प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मी सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को बीच सड़क पर इस तरह अचानक सामने आकर रोकते है कि वाहन चालक लड़खड़ा जाता है। अनियंत्रित होकर गिर जाता है। घायल हो जाता है कभी पुलिसकर्मी भी बाइक के धक्के से घायल हो जाते है। कुछ दिन पहले ही चेकिंग के नाम पर यातयात पुलिस ने वाहन चालकों को लंबी लाइन लगा दी थी जिससे लोग परेशान हो गए थे।