शहर में पड़ेगा चक्रवात का असर, होगी बारिश
सागर द्वीपपुंज व बांग्लादेश की ओर बढ़ रहा है। कम दबाव का क्षेत्र का असर लौहनगरी में भी पड़ेगा।
जासं, जमशेदपुर : बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव का क्षेत्र गहरे दबाव में तब्दील हो गया है। धीरे-धीरे यह सागर द्वीपपुंज व बांग्लादेश की ओर बढ़ रहा है। कम दबाव का क्षेत्र का असर लौहनगरी में भी पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार इसके कारण आने वाले दो दिनों तक लौहनगरी समेत पूरे कोल्हान का मौसम बिगड़ा रह सकता है। हालांकि मौसम विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि यह गहरा दबाव तूफान में तब्दील नहीं होगा। गुरुवार को भी शहर के कई भागों में हल्की बूंदाबांदी हुई। दोपहर के वक्त मानगो औश्र शाम के वक्त कदमा, सोनारी क्षेत्र के बूंदाबांदी हुई। 24 अक्टूबर को आद्याशक्ति महामाया देवी दुर्गा की पूजा-अर्चना की जाएगी। ऐसे में अगर बारिश होती है तो श्रद्धालुओं को परेशानी होगी। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य अधिक रहने की उम्मीद है। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान चाईबासा का 35.0 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची का 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गुरुवार को लौहनगरी का अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।