Weight Loss Tips : पेट की चर्बी कम करनी है तो हर सुबह बदल-बदलकर करें पांच प्रमुख नाश्ते
Weight Loss Tips हम नाश्ता में फास्ट फूड लेने लगते हैं और परेशानी बढ़ जाती है। इसके कारण हम मोटापा का शिकार होने लगते हैं। लेकिन नाश्ते में हम अगर बदल-बदल कर इन चीजों को खाएं तो वजन घटा या जा सकता है...
जमशेदपुर, जासं। स्वस्थ रहने का मूल मंत्र है कि सुबह में सबसे ज्यादा पौष्टिक भोजन भरपेट करना चाहिए। दोपहर का भोजन नाश्ते से आधा और रात का भोजन चौथाई होना चाहिए। यदि आपने अब तक यह फार्मूला नहीं अपनाया है, तो बहुत संभव है कि आपके पेट के आसपास मोटी चर्बी जमा हो गई है। हालांकि इसके दूसरे कारण भी होते हैं, लेकिन अब यदि आप अपने पेट की चर्बी या बेली फैट कम करना चाहते हैं, तो पांच तरह का नाश्ता सुबह में भरपेट करें।
एमजीएम अस्पताल की डायटीशियन अनु सिन्हा के अनुसार, नाश्ता दिन का सबसे महत्वपूर्ण भोजन माना जाता है। नाश्ते के लिए कोई क्या खाता है, यह उस भोजन के विकल्प को निर्धारित करता है, जो वह दिन भर में करता है। शेष दिन के दौरान एक स्वस्थ आहार आपके समग्र स्वास्थ्य में बहुत अंतर डाल सकता है लेकिन इसे केवल एक या दो खाद्य पदार्थों को घटाकर या जोड़कर प्राप्त नहीं किया जा सकता है। इतना ध्यान रहे कि नाश्ते में प्रोटीन और फाइबर को शामिल करना है। कार्बोहाइड्रेट को कम करना ैहै, ताकि स्वस्थ और फिट रह सकें।
सेहतमंत दही जलाएगी कैलोरी
अध्ययनों से पता चला है कि जिन लोगों ने दही का सेवन कम किया है, उन्हें वजन कम करने में परेशानी हुई है। इसमें वजन घटाने के लिए आवश्यक पोषक तत्व कैल्शियम प्रचुर मात्रा में होता है। भोजन में कैल्शियम की उचित मात्रा मांसपेशियों को प्रभावित नहीं करती है, बल्कि मांसपेशियों को बनाए रखने में मदद करती है। यह कैलोरी जलाने में मदद करती है।
वसा या फैट को कम करता है। दही प्रोटीन से भी भरपूर होता है, जो एक प्रमुख तत्व है जो शरीर की चर्बी को कम करने में मदद करता है। हालांकि यहां ध्यान देने वाली बात है कि फलों के दही जैसे योगर्ट में बहुत अधिक चीनी होती है।
सूजी का उपमा
सूजी से बना उपमा फाइबर से भरपूर होता है। यह स्वस्थ रहते हुए वजन घटाने वाले आहार में महत्वपूर्ण है। इसमें गेहूं या जौ से बनी सूजी होती है, जिसमें प्राकृतिक रूप से कम वसा होती है। यह अच्छे कोलेस्ट्रॉल के साथ मदद करती है। केवल ध्यान रखने वाली बात यह है कि इसे कम तेल में पकाया जाना चाहिए, ताकि अत्यधिक वसा से पोषण संबंधी लाभ समाप्त न हो जाएं।
संडे हो या मंडे, रोज खाएं अंडे
आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर और कम वसा के साथ अंडा नाश्ते के लिए सही विकल्प है। इसे तले हुए, सिके हुए या सब्जियों के साथ आमलेट के रूप में खाने की सलाह दी जाती है। यह कम वसा वाला और पेट भरने वाला नाश्ता है। यह भी ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि नाश्ते का विकल्प कितना भी स्वस्थ क्यों न हो, कैलोरी को विधिवत नियंत्रित किया जाना चाहिए। इसलिए एकबारगी ज्यादा अंडे न खाएं।
दाल व मोटे चावल की खिचड़ी
खिचड़ी को सबसे सुपाच्य और पौष्टिक भोजन माना गया है। रोगी को भी खिचड़ी खाने की सलाह दी जाती है, क्योंकि इसमें दाल व चावल का रस शरीर को पोषण देता है। चूंकि इसमें वसा या फैट के लायक कुछ भी नहीं होता है, इसलिए यह वजन घटाने में काफी कारगर होता है। आजकल ओट्स की खिचड़ी भी खूब खाई जाती है। इसे रात भर ठंडा करने के बाद दही या ठंडे दूध के साथ भी खाया जा सकता है। अपनी पसंद का फल मिलाने से इसका मनचाहा स्वाद बढ़ सकता है। मिठास के लिए चीनी की जगह शहद एक अच्छा विकल्प है।
मूंग दाल का चिल्ला
मूंग दाल फाइबर का बहुत समृद्ध स्रोत है। पाचन योग्य फाइबर के अलावा इसमें उचित मात्रा में प्रोटीन भी होता है। यह इसे एक बेहतरीन नाश्ते का विकल्प बनाता है, जो वजन घटाने में मदद करेगा। आप इसके गाढ़े घोल या बैटर में सब्जियां भी मिला सकते हैं, ताकि भोजन स्वस्थ, अधिक पौष्टिक और पेट भरने वाला हो जाए। ध्यान रहे, चावल-दाल की खिचड़ी में भी मूंग दाल मिलाने की सलाह दी जाती है।