जमशेदपुर के परसूडीह इलाके में दो दिन बाद शुरू हुई जलापूर्ति, आश्वासन पर हड़ताल खत्म
Water supply. गोविंदपुर और परसुडीह में जलापूर्ति पिछले दो दिनों से ठप थी। गोविंदपुर - परसुडीह समेत 21 पंचायतों के दर्जनों बस्तियों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से बंद हो गई थी। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन कर रहे पांच ऑपरेटर हड़ताल पर चले गए थे।
जमशेदपुर, जासं। दो दिन में कर्मचारियों के वेतन भुगतान के आश्वासन के बाद हड़ताल खत्म हो गई। इसके बाद गोविंदपुर-परसुडीह में जलापूर्ति गुरुवार दोपहर से शुरू हो गई। गोविंदपुर और परसुडीह में जलापूर्ति पिछले दो दिनों से ठप थी। गोविंदपुर - परसुडीह समेत 21 पंचायतों के दर्जनों बस्तियों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से बंद हो गई थी।
इलाके में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन पांच ऑपरेटर कर्मचारी के जिम्मे है। करीब डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी इन कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं हुआ है। गुस्साए कर्मचारियों ने हड़ताल कर परियोजना को ठप्प कर दिया। इसके बाद गुरुवार को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कर्मचारियों ने दो दिनों के अंदर वेतन भुगतान के आश्वासन के बाद अपना काम शुरू किया और उनकी हड़ताल टूट गई। इसके बाद दोपहर दो बजे पानी की आपूर्ति शुरू हो गई।
फिर हड़ताल की चेतावनी
गौर करनेवाली बात है कि अगर दो दिनों के अंदर वेतन भुगतान नहीं हुआ तो एक बार फिर कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे। लोग इसी तरह से एक बार फिर पानी के लिए जूझते नजर आएंगे। उधर, जब जलापूर्ति होने लगती है तो सड़क पर पानी बहने लगता है। इस पर आज तक रोक नहीं लग पाई।