जमशेदपुर के भुइयांडीह के गौतम विहार जानेवाली मुख्य सड़क पर जलजमाव, पैदल चलना मुश्किल Jamshedpur News
भुइयांडीह के गौतम विहार कांप्लेक्स जाने वाली मुख्य सड़क में रोजाना हो रहे जलजमाव से लोग परेशान हैं। यहां पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। इसकी शिकायत कई बार जमशेदपुर अक्षेस को की गई लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
जमशेदपुर, जासं। भुइयांडीह के गौतम विहार कांप्लेक्स जाने वाली मुख्य सड़क में रोजाना हो रहे जलजमाव से लोग परेशान हैं। यहां पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। इसकी शिकायत कई बार जमशेदपुर अक्षेस को की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। घरों के नाला का पानी व अन्य गंदा पानी के बीच लोगों का आना जाना हो रहा है। इस सड़क के कारण इस कांप्लेक्स में बाहर के लोगों का आना-जाना भी बंद हो गया है। सड़क धीरे-धीरे संकरी होती जा रही है।
गौतम विहार निवासी सुनंदा कुमारी ने बताया कि सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों को हो रही है। दरअसल, इस सड़क में कई जगह अतिक्रमण भी है, इस कारण विरोध की आशंका को देखते हुए सड़क को चलने लायक नहीं बनाई जा रही है। ऐसा ही हाल रहा तो गौतम विहार के लोगों का घरों से निकलना दुश्वार हो जाएगा। इस समस्या का स्थाई समाधान निकाला जाना चाहिए, वर्ना यह आने वाले दिनों में नासुर बन जाएगा।
बन्ना से लेकर सरयू तक को दी गई जानकारी
गौतम विहार में रहने वाले लोगों ने इस सड़क की हालात की जानकारी झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के अलावा जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय को भी दी है तथा उनसे इस सड़क के नए सिरे से निर्माण के लिए पहल करने का अनुरोध किया गया। कांप्लेक्स में रहने वाले लोगों का कहना है कि सभी पक्षों की सहमति से इस सड़क का निर्माण हो ताकि किसी का कोई नुकसान न हो तथा आने-जाने में सहूलियत हो सके।