बिना वाटर हार्वेस्टिंग वाले अपार्टमेंट पर हो कार्रवाई
ानी की बर्बादी रोकने और रेन वाटर हार्वेस्टिंग करने के लिए नगर विकास विभाग को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इसके लिए नगर निकाय अपार्टमेंटों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की जांच कराए। मानगो नगर निगम जमशेदपुर अक्षेस और जुगसलाई नगर पर्षद ने अब तक अपार्टमेंट में वाटर हार्वेस्टिंग की जांच नहीं कराई है। इसलिए कई अपार्टमेंट के मालिकों ने नगर निकायों को अपने अपार्टमेंट में रेन वाटर हार्वेस्टिंग होने की गलत सूचना दे दी है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पानी की बर्बादी रोकने और रेन वाटर हार्वेस्टिंग करने के लिए नगर विकास विभाग को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इसके लिए नगर निकाय अपार्टमेंटों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की जांच कराए। मानगो नगर निगम, जमशेदपुर अक्षेस और जुगसलाई नगर पर्षद ने अब तक अपार्टमेंट में वाटर हार्वेस्टिंग की जांच नहीं कराई है। इसलिए, कई अपार्टमेंट के मालिकों ने नगर निकायों को अपने अपार्टमेंट में रेन वाटर हार्वेस्टिंग होने की गलत सूचना दे दी है।
नगर निकाय रेन वाटर हार्वेस्टिंग का कागजी प्रावधान कर नक्शा पास कर देते हैं। लेकिन, कभी बिल्डिंग में जाकर इसकी जांच नहीं करते। इस वजह से बिल्डरों के हौसले बुलंद हैं। नियमानुसार बिल्डरों को अपार्टमेंट ग्राहकों के हवाले करने से पहले नगर निकायों से अक्यूपेंसी सर्टिफिकेट लेना चाहिए। लेकिन, जमशेदपुर में शायद ही कोई बिल्डर अक्यूपेंसी सर्टिफिकेट लेता हो। यही नहीं, हद ये है कि नगर निकाय भी किसी बिल्डर पर अक्यूपेंसी सर्टिफिकेट नहीं लेने पर कार्रवाई नहीं करते। यही नहीं, घरों में भी रेन वाटर हार्वेस्टिंग आसानी से हो सकता है। लोग 1500 रुपये खर्च कर रेन वाटर हार्वेस्टिंग कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें एक प्लास्टिक का ड्रम लेना होगा। इस ड्रम में चारों तरफ छेद कर देंगे। नीचे की तली निकाल दें। अब इसकी परिधि से थोड़ा अधिक परिधि का गढ्डा खोद कर उसमें ड्रम डाल दें। बाकी बची परिधि में ड्रम के चारों तरफ बालू भर दें। ड्रम के ढक्कन से पाइप निकाल कर इसे अपने छत के पाइप से जोड़ दें। आपका रेन वाटर हार्वेस्टिंग तैयार है। इस तरह, आप भी आसानी से बरसात का पानी बचा सकते हैं।
-
पानी बचाने के लिए हर मकान में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की जांच होनी चाहिए। नगर विकास विभाग ने कानून बना दिया लेकिन, इस पर अमल कराने का काम ढीला है। साथ ही पानी की बर्बादी रोकनी चाहिए।
संतोष भगत, मानगो
--
नगर निकाय रेन वाटर हार्वेस्टिंग के साथ ही नक्शा पास कर देते हैं। लेकिन, उसकी पड़ताल नहीं हो पाती है। नगर निकायों को रेन वाटर हार्वेस्टिंग की जांच करनी चाहिए। जांच करने के बाद जिन अपार्टमेंट में वाटर हार्वेस्टिंग नहीं है उन बिल्डरों पर कार्रवाई हो।
विजय कुमार सिंह, सुभाष कॉलोनी
--
हम धरती से जितना पानी निकालते हैं। उसका कम से कम चौथाई हमें जमीन में रिचार्ज करना चाहिए। पानी बर्बादी रोकनी चाहिए। टंकी में पानी भरने के बाद गिरने लगता है। इस बर्बादी को रोकना चाहिए।
मनीष कुमार, राजीव पथ, मानगो
--
जल ही जीवन है। जल नहीं रहेगा तो कल कहां से रहेगा। हमें पानी की बर्बादी रोकनी होगी। तभी हमारी आने वाली पीढ़ी पानी पाएगी।
मनोज कुमार, आदर्श नगर उलीडीह
--
रेन वाटर हार्वेस्टिंग हर घर में जरूरी कर दिया जाए। साथ ही जहां हैंडपंप लगाया जाए उसके पास भी वाटर हार्वेस्टिंग की सुविधा हो। ताकि हैंडपंप का पानी इसमें जाए।
लालजी शर्मा, न्यू सुभाष कॉलोनी मानगो
--
पानी जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। पानी बर्बाद नहीं करना चाहिए। पीने का पानी क्यों बर्बाद हो रहा है। इस पर सरकार को कड़ाई से अंकुश लगाना चाहिए।
कृपा मुर्मू, शंकोसाई रोड नंबर पांच गुडरूबासा मानगो