गर्मी बढ़ते ही गहराया जल संकट, घरों की बोरिग फेल
शहर में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। शहर के कई अपार्टमेंटों और घरों की बोरिग फेल हो गई है। इस वजह से जल संकट गहरा गया है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : शहर में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। शहर के कई अपार्टमेंटों और घरों की बोरिग फेल हो गई है। इस वजह से जल संकट गहरा गया है। मानगो, बागबेड़ा, छोटा गोविंदपुर के अलावा जमशेदपुर अक्षेस के तहत आने वाली बस्तियों जैसे सिदोकान्हो बस्ती, बाबा तिलका माझी बस्ती आदि में पानी को लेकर हाहाकार है। अक्षेस के टैंकर भी इन इलाकों में नहीं पहुंच पा रहे हैं।
मानगो के घरौंदा अपार्टमेंट की बोरिग कई महीने से फेल है। यहां पानी का संकट काफी गहरा है। यहां के लोग पानी खरीद कर पी रहे हैं। इसी तरह, मानगो के अन्य कई अपार्टमेंट में भी बोरिग से बेहद कम पानी निकल रहा है। इन अपार्टमेंटों के लोगों को पानी खरीदना पड़ रहा है। मानगो के जाकिर नगर के निवासी अरशद हुसैन के घर की बोरिग 15 दिन से पानी नहीं दे रही है। घरों की बोरिग फेल होने से लोग मानगो ब्रिज के करीब लगे जुस्को के नल से पानी भर रहे हैं। इस वजह से इस नल पर भीड़ लग रही है। जमशेदपुर अक्षेस की बाबा तिलका माझी बस्ती में पेयजल के लिए रखी गई टंकी टूटी है। इस वजह से इसमें पानी नहीं भरा जा रहा है। ये एक अलग घोटाला है जिसमें अब तक प्रशासन ने संज्ञान नहीं लिया है। ठेकेदार ने तीन साल पहले यहां टूटी टंकी रख दी है। यहां जमशेदपुर अक्षेस का टैंकर कभी-कभार पहुंचता है। बाकी दिनों में यहां के लोग पांच-छह किलोमीटर का सफर तय कर पानी भर रहे हैं। बागबेड़ा की हालत सबसे ज्यादा खराब है। यहां जलापूर्ति योजना अभी शुरू नहीं हो पाई है। योजना का काम धीमा चल रहा है। यहां भी बोरिग सूख गई है। लोग रेलवे के खुले नलों पर निर्भर हैं। रेलवे के नलों पर दिन भर पानी भरने वालों की भीड़ लगी रहती है। लोग तीन-चार किलोमीटर दूर से यहां पानी भरने के लिए आ रहे हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप