Jamshedpur BJP : भाजपा में फिर उठे विरोध के स्वर, एक खेमे ने उठाया ये मामला
Jamshedpur . भाजपा में एक बार फिर घोड़ाबांधा मंडल कमेटी का विस्तार विवाद के घेरे में आ गया है। इसमें पार्टी के कुछ कार्यकर्ता पार्टी विरोधी कार्यों में आरोपित व जमीन माफिया को मंडल स्तर पर पद देने का विरोध कर रहे हैंं।
जमशेदपुर, जासं। भाजपा में एक बार फिर घोड़ाबांधा मंडल कमेटी का विस्तार विवाद के घेरे में आ गया है। इसमें पार्टी के कुछ कार्यकर्ता पार्टी विरोधी कार्यों में आरोपित व जमीन माफिया को मंडल स्तर पर पद देने का विरोध कर रहे हैंं। भाजपा संगठन के जिला, प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को लिखे पत्र में इन बातों का उल्लेख किया गया है।
ये रहा पत्र का मजमून
ध्यानाकर्षित करना है कि जमशेदपुर महानगर अंतर्गत घोड़ाबंधा मंडल में विगत कुछ समय से गुटबाजी चरम पर है। पार्टी संगठन के संविधान एवं मूल्यों की तिलांजलि देकर अनुशासनहीनता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। हाल ही में नए मंडल अध्यक्ष के मनोनयन से लेकर मंडल स्तरीय कार्यसमिति विस्तार तक में घोर मनमानी और पार्टी संविधान की अवमानना को अंजाम दिया गया है। पार्टी हित की उपेक्षा करते हुए व्यक्तिगत हित को केंद्र में रखकर कार्यसमिति का विस्तार किया गया। पुराने और अनुभवी कार्यकर्ताओं की घोर उपेक्षा भी समझ से परे है। विधानसभा चुनाव का किया गया खास जिक्र
विगत विधानसभा चुनाव-2019 में जमशेदपुर पूर्वी के पार्टी प्रत्याशी सहित जुगसलाई विधानसभा के उम्मीदवार के विरुद्ध खुलकर नकारात्मक प्रचार करने वालों को कार्यसमिति विस्तार के क्रम में सम्मान से नवाजा गया है, जो अत्यंत चिंताजनक एवं कष्टप्रद है। सरकारी जमीन की अवैध रूप से खरीद-फरोख्त करने वाले माफिया तत्वों तथा बालू का अवैध उत्खनन करने वालों को मंडल कार्यसमिति में महत्वपूर्ण पद-सम्मान से विभूषित करना शुचितापूर्ण राजनीति का सरासर उल्लंघन है। उक्त कृत्य भारतीय जनता पार्टी के सिद्धांत एवं उद्देश्यों के विपरीत कृत्य आचरण है।
खडंगाझार क्षेत्र की उपेक्षा
मंडल विस्तार में खड़ंगाझार क्षेत्र जो कि मत प्रतिशत के मायने से भी अति महत्वपूर्ण है तथा सीधे तौर पर जमशेदपुर पूर्वी की राजनीति में भी प्रभावशाली है, को उपेक्षित रखना राजनीतिक रूप से भी अत्यंत गैरजिम्मेदाराना निर्णय है। इस पर पुनर्विचार अत्यावश्यक है। कुल मिलाकर जिला एवं प्रदेश नेतृत्व को कार्यकर्ताओं के मन की बात से अवगत कराना अपनी जिम्मेदारी समझता हूं। यह आवश्यक है कि गुटबाजी पर विराम लगाने तथा राजनीतिक रूप से भारतीय जनता पार्टी को सशक्त बनाने के पावन, शाश्वत उद्देश्य से शीघ्रातिशीघ्र साकची पूर्वी की भांति घोड़ाबांधा मंडल को उचित रूप से विभाजित करते हुए खड़ंगाझार मंडल का सृजन संगठन हित में करने की अनुशंसा की जाए।
शीर्ष नेताओं से अपील
पत्र प्रेषक ने अपना नाम लिखने की बजाय ‘राजनीतिक पूर्वाग्रह एवं उपेक्षा के शिकार कार्यकर्ता’ के रूप में पार्टी के शीर्ष नेताओं से अपील की है कि कृपया इस महत्वपूर्ण आग्रह को कार्यकर्ताओं की रायशुमारी मानकर इस आशय में प्राथमिकतापूर्वक सार्थक प्रयास हो।
इन्हें भेजा गया पत्र
- अभय सिंह, प्रशिक्षण प्रमुख
- गुंजन यादव, जिलाध्यक्ष
- सुबोध सिंह गुड्डू, जिला प्रभारी
- दीपक प्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष
- धर्मपाल, महामंत्री (संगठन)
- कुणाल षाड़ंगी, प्रदेश प्रवक्ता
- दिनेश कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य
- रीता मिश्रा, प्रदेश मंत्री
प्रतिलिपि
- रघुवर दास, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भाजपा
- अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री