झारखंड के जमशेदपुर का विशाल बना डांस दीवाने का विजेता, मिले इतने इनाम
जमशेदपुर के विशाल ने लंबी छलांग लगाई है। उसके डांस दीवाने का फाइनल जीत लिया है। सलमान खान और माधुरी दीक्षित ने उसे विजेता की ट्रॉफी दी।
जमशेदपुर, जासं। कड़ी प्रतियोगिता में कई प्रतिभागियों को मात देकर शहर के विशाल सोनकर ने इंटरटेनमेंट टेलीविजन चैनल कलर्स पॉपुलर रियलिटी शो, डांस दीवाने 2 का फाइनल जीत लिया। वह डांस दीवाने 2 की ट्रॉफी मुंबई से घर लौटेगा। फिनाले के अंत में अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने उसे 15 लाख रुपये का चेक दिया, वहीं दबंग फेम सलमान खान ने ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया।
पिता की मौत के बाद पढ़ाई छूटी : तामोलिया के रहने वाले 23 साल के विशाल ने पिता दीना लाल सोनकर की मौत के बाद वर्कर्स कॉलेज में पार्ट-1 की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी। उसके बाद उस पर परिवार की जिम्मेदारी आ गई।
ब्रह्मानंद अस्पताल कैंटीन में किया काम
काफी समय तक ब्रह्मïानंद अस्पताल के कैंटीन में भी काम किया। इसके बाद जोमैटो में डिलीवरी बॉय बन गया था। 28 अप्रैल में जब डांस दीवाने का ऑडिशन रांची में हुआ तो 50 हजार प्रतिभागियों में उसे पहली बार सफलता मिली। इसके बाद कोलकाता और मुंबई में दूसरे व तीसरे चरण के ऑडिशन को विशाल ने आसानी से जीता।
मेरे सपने की तरह है यह जीत : विशाल
दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में विशाल ने कहा कि जीत मेरे सपने की तरह है। उसने कहा कि बचपन से कोरियोग्राफर बनना चाहता था। आर्थिक तंगी के कारण किसी प्रोफेशनल से कभी डांस सीख नहीं पाया। इसलिए बालू पर ही डांस प्रैक्टिस करता था। सोनकर ने बताया कि वह अगले दो वर्षों तक कलर्स चैनल की सीजन-3 व सीजन-4 के लिए कोरियोग्राफर का कांट्रेक्ट साइन करने वाला है। उसने अपनी जीत के लिए सभी शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।