आंध्रा की जीत के नायक बने विकास
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : विकास नायक ने चार गोल की बदौलत आंध्रा स्पोर्टिग यूनियन ने जमशेदपुर स्पोर
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : विकास नायक ने चार गोल की बदौलत आंध्रा स्पोर्टिग यूनियन ने जमशेदपुर स्पोर्टिग एसोसिएशन के तत्वावधान में स्थानीय जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में खेले गए प्रीमियर डिवीजन फुटबॉल लीग के एक मुकाबले में झारखंड फुटबॉल क्लब को 8-0 से रौंद दिया। इसी सप्ताह गत चैंपियन टाटा स्टील को पराजित कर तहलका मचाने वाली आंध्रा की टीम आज भी पूरे लय में नजर आ रही थी। शुरुआत से ही झारखंड एफसी पूरे दबाव में थे। खेल के 18वें मिनट में ही आसमान हेंब्रम ने साथी खिलाड़ी द्वारा दिए गए पास को गोल में तब्दील कर आंध्रा स्पोर्टिग यूनियन को शुरुआती सफलता दिला दी। गोल खाकर बौखलाई झारखंड एफसी की सेना ने जवाबी हमला किया, लेकिन वह आंध्रा की अभेद्य रक्षा पंक्ति को भेद पाने में असफल रहा। उधर, शुरुआती सफलता से उत्साहित आंध्रा की टीम दोगुने उत्साह के साथ विरोधी खेमा पर हमला बोला। खेल के 28वें मिनट में आसमान हेम्ब्रम ने दूसरा गोल कर दिया। मध्यांतर तक आंध्रा स्पोर्टिंग यूनियन 2-0 से आगे थी। मध्यांतर के बाद भी उसकी आक्रामकता में कोई कमी देखने को नहीं मिली। खेल के 54वें मिनट में विकास नायक ने साथी खिलाड़ी द्वारा दिए गए पास को गोल में तब्दील कर मुकाबले को 3-0 पर ला खड़ा किया। अबतक झारखंड एफसी के हौसले पस्त हो गए थे। आंध्रा स्पोर्टिग यूनियन ने इस मौके का फायदा उठाया और 13 मिनट में पांच गोल कर विरोधी टीम की जीत के सभी दरवाजे बंद कर उनकी किस्मत में अंतिम कील ठोक दिया। सुनील सोरेन ने बेहतरीन गोल दागा। अभी इस झटके से झारखंड एफसी उबर भी नहीं पाया था कि विकास नायक ने 76वें, 80वें व 84वें मिनट में लगातार तीन गोल दाग विरोधियों के हौसले पस्त कर दिए। अंतिम समय (89वें मिनट) में सुनील सोरेन ने एक और गोल कर आंध्रा स्पोर्टिग यूनियन को 8-0 से एकतरफा जीत दिला दी। रफ प्ले के लिए झारखंड एफसी के रोशन भूमिज को रेफरी ने पीला कार्ड दिखाया। मैच के रेफरी अमृत डांग, बबलू लोहार, रंजीत सरदार व अर्जुन सिंह थे।