सुबह से देर शाम तक कार्यकर्ताओं से मिलते रहे विद्युत
जमशेदपुर लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी विद्युत वरण महतो सोमवार को सुबह से देर शाम तक कार्यकर्ताओं से मिलते रहे। विद्युत ने बताया कि वे रविवार को रात करीब 11.30 बजे सो गए थे।
By Edited By: Published: Tue, 14 May 2019 08:24 AM (IST)Updated: Tue, 14 May 2019 08:24 AM (IST)
जासं, जमशेदपुर : जमशेदपुर लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी विद्युत वरण महतो सोमवार को सुबह से देर शाम तक कार्यकर्ताओं से मिलते रहे। विद्युत ने बताया कि वे रविवार को रात करीब 11.30 बजे सो गए थे। सुबह रोज की तरह छह बजे नींद खुल गई, तो बिष्टुपुर स्थित आवास पर दूर-दूर से आए कार्यकर्ता बैठे थे। आवास पर ही वे जमशेदपुर के अलावा मुसाबनी, जादूगोड़ा, डुमरिया, घाटशिला, बहरागोड़ा आदि क्षेत्र से आए कार्यकर्ताओं से मिले। सभी जगह से जो फीडबैक मिल रहा है, उसके मुताबिक वे दो लाख वोट से चुनाव जीतेंगे। उनकी पत्नी ऊषा महतो ने कहा कि 23 मई को कार्यकर्ता होली-दिवाली एक साथ मनाएंगे। मतगणना के दिन जश्न मनेगा। --- चुनाव कार्यालय में मनाई सालगिरह : विद्युत के लिए मतदान का दूसरा दिन खुशनुमा रहा। ऐसा इसलिए, क्योंकि सोमवार को उनकी शादी की 26वीं सालगिरह थी, जिसे उन्होंने साकची स्थित चुनाव कार्यालय में मनाया। विद्युत अपनी पत्नी ऊषा महतो के साथ दोपहर करीब ढाई बजे पहुंचे। यहां पहले से महानगर भाजपा अध्यक्ष दिनेश कुमार ने केक और मिठाई मंगाकर रखी थी, जिसे पति-पत्नी ने एक साथ काटकर एक-दूसरे को खिलाया। विद्युत ने पत्नी को गुलाब का फूल भी भेंट किया। विद्युत व उनकी पत्नी ने चुनाव अभिकर्ता जीतेंद्रनाथ मिश्रा का पैर छूकर आशीर्वाद मांगा। इस मौके पर चुनाव संचालन समिति के सहसंयोजक अनिल सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य समीर महंती, आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर बॉबी सिंह, जिला मंत्री राकेश सिंह, भाजयुमा के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा, सत्यनारायण अग्रवाल, लिप्पू शर्मा, पप्पू सिंह, मुकेश शर्मा, विनोद गुप्ता, प्रभाकर प्रसाद समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। इससे पहले विद्युत व उनकी पत्नी घोड़ाबांधा स्थित साई मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। चुनाव कार्यालय में सालगिरह मनाने के बाद विद्युत बिष्टुपुर स्थित आवास चले गए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें