विधानसभा की आंतरिक संसाधन समिति पहुंची, राजस्व संग्रह का लिया ब्योरा
झारखंड विधानसभा की आंतरिक संसाधन समिति व केंद्रीय सहायता समिति के अध्यक्ष रामचंद्र सिंह व सदस्य सोनाराम सिकू सोमवार को जमशेदपुर पहुंचे। यहां इन्होंने परिसदन में जिले के पदाधिकारियों के साथ बैठक बुलाई जिसमें जिले के विभिन्न विभाग के पदाधिकारियों ने विभागवार वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
जासं, जमशेदपुर : झारखंड विधानसभा की आंतरिक संसाधन समिति व केंद्रीय सहायता समिति के अध्यक्ष रामचंद्र सिंह व सदस्य सोनाराम सिकू सोमवार को जमशेदपुर पहुंचे। यहां इन्होंने परिसदन में जिले के पदाधिकारियों के साथ बैठक बुलाई, जिसमें जिले के विभिन्न विभाग के पदाधिकारियों ने विभागवार वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सूरज कुमार ने समिति को कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर किए जा रहे प्रशासनिक उपायों व उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं की जानकारी दी, तो इसके साथ ही राजस्व संग्रहण में जिले की उपलब्धि से अवगत कराया। समिति के अध्यक्ष ने सिविल सर्जन डा. एके लाल से जिले में चल रहे टीकाकरण की जानकारी ली। सिविल सर्जन ने बताया कि कुल 47 सरकारी व गैरसरकारी केंद्र पर वैक्सीनेशन किया जा रहा है, वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। लोगों में भी वैक्सीनेशन को लेकर जागरूकता देखी जा रही है।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में रामचंद्र सिंह ने बताया कि झारखंड सरकार राज्य में विकास कार्यों को गति देने को लेकर प्रयासरत है। विकास कार्यों के सफल क्रियान्वयन में सरकार को प्राप्त होने वाले राजस्व की काफी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में गत वित्तीय वर्ष में विभिन्न विभागों द्वारा किए गए राजस्व संग्रह की समीक्षा समिति द्वारा की जा रही है। सभी विभागों से रिपोर्ट प्राप्त किया गया है, जिसका अध्ययन करने के बाद समिति द्वारा महत्वपूर्ण सुझाव दिए जाएंगे, ताकि राज्य में विकास कार्य की गति में कमी ना आए। इस दौरान उपविकास आयुक्त परमेश्वर भगत, अवर सचिव रामाशीष यादव, अपर उपायुक्त प्रदीप प्रसाद, निदेशक एनइपी ज्योत्सना सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार तथा अन्य सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।