बारिश से टमाटर हुआ लाल, यहां 50 फीसद तक बढ़ गए सब्जियों के दाम Jamshedpur News
यहां सब्जियां थाली से दूर हो रही हैं। लोगों की जेब सब्जियां खरीदने की इजाजत नहीं दे रही है। सब्जियाोंं के दाम 50 फीसद तक बढ़ गए हैं।
जमशेदपुर,जासं। बेमौसम हुई बारिश का असर सीधे लोगों की रसोई तक पड़ा है। देश के विभिन्न स्थानों में इस वर्ष कहीं अधिक बारिश से बाढ़ आ गई, तो कहीं लोग बारिश के इंतजार में बैठे रहे। बारिश के कारण सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। जिसके कारण रसोई में सब्जियों का स्वाद बिगड़ गया है।
दुर्गा पूजा के कुछ दिनों पहले से ही सब्जियों के दाम बढऩे शुरू हो गए थे। सबसे ज्यादा महंगाई टमाटर पर छाई है। टमाटर के दाम बारिश के कारण आसमान छूने को हैं। कुछ ही दिनों में टमाटर की आपूर्ति कम होने के कारण टमाटर के भाव लगभग दोगुने हो गए। खाने के शौकीनों की थाली से जहां टमाटर गायब है, वहीं हरी सब्जियां भी आंख से आंसू निकाल रही हैं। आलम यह है कि बाजार में सब्जी की खरीदारी करने वाले लोग मोल भाव करने के बाद ही खरीदारी कर रहे हैं। जो सब्जी मंहगी लग रही है उसे छोड़ देना ही बेहतर समझ रहे हैं। कई सब्जियों के दामों में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। यहां तक की धनिया पत्ती दो सौ रुपये किलो बिक रही है।
छठ पूजा तक बढ़े रहेंगे दाम
सब्जी मंडी में थोक कारोबारियों का कहना है कि अभी लगभग एक महीना छठ पूजा के आसपास तक सब्जियों के दाम इसी प्रकार रहेंगे। कम स्टॉक होने और मांग अधिक होने से सब्जियों के रेट बढ़ जाते हैं। बारिश के कारण कई प्रकार की सब्जियां खेतों में ही खराब हो गई। कई सब्जियों को बारिश होने पर उस दिन तोड़ी नहीं जा सकती। जैसे-जैसे शहर में सब्जियां आनी कम होती गई, वैसे-वैसे महंगी भी होती गई। शहर में टमाटर बैंगलुरु से आ रहा है। फूल गोभी भी कम हो हुई है। अब लोकल की सब्जियां भी बाहर जाने लगी हैं, जिससे कीमत बढ़ती जा रही है। कारोबारियों का अंदेशा है कि छठ पर्व के बाद जब नई सब्जियां आएंगी तब दाम गिरेंगे।
सब्जियों के दाम में हुआ इजाफा
- सब्जी - पहले - अब
- टमाटर - 30 से 35 - 50
- प्याज - 30 - 50
- शिमला मिर्च - 60 - 120
- नेनुआ - 25 - 60
- परवल - 20 - 45
- भिंडी - 20 - 50
- बैगन - 25 - 40
- बंधा गोभी - 30 - 50
- मूली - 25 - 40
- करेला - 20 - 40
- गाजर - 20 - 40
- आलू - 12 - 16
- बरबटी - 30 - 60
- लहसुन - 140 - 200 ।