खाली कराया गया वह वार्ड जिसमें था कोरोना पॉजिटिव, डॉक्टर सहित दस क्वारंटाइन Jamshedpur News
एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों को दूसरे वार्ड में किया गया शिफ्ट आइसोलेशन वार्ड हुआ सैनिटाइज।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद हड़कंप मच गया। रिपोर्ट में कोरोना पुष्टि होते ही विभाग के कान खड़े हो गए।
अधीक्षक डॉ. संजय कुमार व उपाधीक्षक डॉ. नकुल प्रसाद मौके पर पहुंचे और जिस वार्ड में पॉजिटिव मरीज भर्ती था, उसे खाली कराया गया। बाकि मरीजों को दूसरे वार्ड में भेजा गया। इसके बाद आइसोलेशन वार्ड को सैनिटाइज किया गया। शुक्रवार की सुबह व शाम में भी सैनिटाइज होगा। इसके बाद शनिवार से मरीजों को उस वार्ड में भर्ती किया जा सकेगा।
इधर, मरीज के इलाज में तैनात डॉक्टर, नर्स व टेक्नीशियन सहित कुल दस कर्मचारियों को क्वारंटाइन किया गया है। सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। चार-पांच दिनों के बाद इनका नमूना लिया जाएगा। उसके बाद रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पॉजिटिव मरीज को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) भेजा गया है।
एमजीएम से 33 लोगों का लिया गया नमूना
एमजीएम अस्पताल से गुरुवार को कुल 33 संदिग्ध मरीजों का नमूना लिया गया। रिपोर्ट शुक्रवार को आने की उम्मीद है। फिलहाल आइसोलेशन वार्ड में कुल 64 संदिग्ध मरीज भर्ती है।