पर्यटक स्थल बुरुडीह में प्रेमी युगल से मारपीट व छेड़खानी पर मचा हंगामा Jamshedpur News
पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र के कालचिति पंचायत स्थित पर्यटक स्थल बुरुडीह डैम में प्रेमी युगल के साथ छेड़खानी व मारपीट का मामला तूल पकड़ने लगा है। इसे लेकर काफी हंगामा मचाया गया। मुखिया ने पुलिस प्रशासन को सूचना दी।
घाटशिला (पूर्वी सिंहभूम), जासं। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र के कालचिति पंचायत स्थित पर्यटक स्थल बुरुडीह डैम में प्रेमी युगल के साथ छेड़खानी व मारपीट का मामला तूल पकड़ने लगा है। इसे लेकर काफी हंगामा मचाया गया। जिसके पश्चात स्थानीय ग्रामीणों ने प्रेमी युगल समेत छेड़खानी करने वाले आरोपी को पकड़ कर डैम परिसर में लाया गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना मुखिया सोमवारी सोरेन को दी। मुखिया ने पुलिस प्रशासन को सूचना दी।
बताया गया कि मुसाबनी 1नंबर निवासी नीलकंठ बाला का बेटा लव कुमार अपनी प्रेमिका के साथ धारागिरी सूर्यास्त देखने के उद्देश्य से आया था। इस दौरान वापस घर लौटने के क्रम में उसकी बाइक संख्या जेएच 05 सी आर 3510 अचानक बंद हो गई। इस दौरान अचानक पीछे से कासीदा निवासी नवीन गोराई एवं उनके दोस्त डाईनमारी निवासी सानगी हाईबुरु उसके साथ मारपीट करते हुए प्रेमिका के साथ छेड़खानी करना लगा। विरोध करने पर बाइक की चाबी को जंगल में फेंक दिया गया।
छेड़खानी के आरोपित ने कही ये कहानी
वहीं छेड़खानी करने के आरोपित कासीदा निवासी नवीन गोराई एवं उनके दोस्त ने अपने उपर लगे आरोप को निराधार बताया। उसने प्रेमी युगल के उपर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों के बीच सड़क के किनारे सुनसान जगह पर विवाद हो रहा था। इस दौरान वह उन दोनों के बीच उत्पन्न विवाद के संबंध में जानकारी लेने के उद्देश्य से गया था कि अचानक प्रेमी युगलों ने उसके उपर जानलेवा हमला कर दिया।
मुखिया ने किया प्रशासन को सूचित
इधर, घटना के संबंध में मुखिया सोमवारी सोरेन ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रेमी युगल के साथ छेड़खानी के संबंध में पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया है। थाना प्रभारी राजीव रंजन से संपर्क नहीं होने के कारण उनका पक्ष नहीं रखा जा सका।