लौहनगरी में बहने लगी बोनस की बयार, समझौते के लिए बढ़ी यूनियनों की सक्रियता Jamshedpur News
दुर्गा पूजा को लेकर जमशेदपुर की कंपनियों में बोनस समझौते की कवायद तेज हो गई। जाइए जानिए किस कंपनी में क्या चल रही है कवायद।
जमशेदपुर, अरविंद श्रीवास्तव। दुर्गापूजा को लेकर लौहनगरी में अभी से ही बोनस की बयार बहनी शुरू हो गई है। कर्मचारियों के परिजनों ने दुर्गापूजा के लिए बजट बनाना भी शुरू कर दिया है। बोनस समझौते को लेकर यूनियनों की सक्रियता तेज हो गई है।
लगभग सभी कंपनियों में प्रबंधन व यूनियन के बीच सालाना बोनस पर चर्चा शुरू है। कई कंपनियों में यूनियन ने बोनस पत्र थमा दिया है तो कई जगह वार्ता शुरू है। 'बोनस' के नाम से ही कर्मचारियों व उनके परिजनों के जेहन पर एक उत्साह झलकने लगता है। कारण की पूरे एक साल इंतजार करने के बाद स्थायी हो या अस्थायी या फिर ठेकाकर्मी, सभी को एक साथ एक मुश्त मोटी रकम मिलती है।
आर्थिक मंदी के दौर में भी उत्सुकता बढ़ी
शहर की सबसे बड़ी कंपनियां टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, टाटा कमिंस व जुस्को में बोनस वार्ता के लिए यूनियन की पहल के बाद टिनप्लेट, टीएसपीडीएल, टाटा ब्लूस्कोप, तार कंपनी, जेम्को सहित शहर की अन्य छोटी-बड़ी कंपनियों के कर्मचारियो की उम्मीदें भी बढ़ गयी है। आर्थिक मंदी की दौर में भी बोनस को लेकर उत्सुकता बढ़ी हुई है।
टाटा स्टील : टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच बोनस को लेकर वार्ता का दौर शुरू है। चालू इस माह के अंत तक बोनस समझौता होने की संभावना है। यूनियन समय रहते समझौते को लेकर प्रयासरत है।
टाटा मोटर्स : शहर की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी टाटा मोटर्स में बोनस को लेकर यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने प्लांट हेड विशाल बादशाह को पत्र सौंप दिया है। बोनस के साथ यहां बाई सिक्स कर्मियों के मामले में बातचीत शुरू है।
जुस्को : टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई जुस्को में भी समझौते को लेकर जुस्को श्रमिक यूनियन ने पहल शुरू कर दिया है। यूनियन बोनस कराने को लेकर प्रबंधन पर दबाव बनाए हुए है। यहां भी बहुत जल्द समझौता होने की संभावना है।
टिनप्लेट इंडिया लिमिटेड : गोलमुरी स्थित टिनप्लेट इंडिया लिमिटेड के कर्मचारियों को बोनस के लिए यूनियन 15 अगस्त के बाद पत्र सौंपेंगी। इस साल भी यूनियन बीस फीसद बोनस की मांग प्रबंधन से करेगी।
टाटा कमिंस : टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन ने बोनस वार्ता शुरू करने के लिए प्रबंधन को पत्र सौंप दिया है। फि लहाल यहां प्रबंधन और यूनियन के बीच ग्रेड रिवीजन वार्ता चल रही है जल्द ही बोनस वार्ता शुरू होने की संभावना है।
आइएसडब्ल्यूपी (तार कंपनी): कंपनी की मान्यता प्राप्त वायर प्रोडक्ट यूनियन ने कर्मचारियों के सालाना बोनस वार्ता के लिए एमडी को पत्र सौंप दिया है। समय रहते यूनियन ने बोनस समझौता की मांग की है।
जेम्को : जेम्को वर्कर्स यूनियन ने भी कर्मचारियों को बोनस समय पर दिलाने के लिए प्रबंध निदेशक नीरजकांत को पत्र सौंप दिया है ताकि दुर्गापूजा से पूर्व यहां के कर्मचारियों को उनका बोनस मिल सके।
न्यूवोको विस्टास कॉर्प : जाजोबेड़ा सीमेंट प्लांट न्यूवोको विस्टास कॉर्प में शहर में सबसे पहले बोनस समझौता होता है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि इस बार भी शहर में न्यूवोको में सबसे पहले बोनस होगा।
टीएसपीडीएल : टाटा स्टील प्रोसेसिंग एंड डिस्ट्रब्यूशन लिमिटेड (टीएसपीडीएल) में बोनस वार्ता इस माह के अंत में शुरू होने की संभावना है। इसके लिए यूनियन ने तैयारी शुरू कर दी है। पिछले माह कर्मचारियों के ग्रेड रिवीजन पर समझौता हुआ है। उम्मीद है कि सितंबर माह में यहां बोनस समझौता हो जाएगा।
टाटा ब्लूस्कोप : चालू माह में ही यहां समझौते होने की संभावना है। बीते दिनों बोनस पर प्रबंधन-यूनियन की वार्ता हुई थी जिसमें बहुत जल्द समझौते होने की संभावना जताई गई है। यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय समझौते को लेकर प्रबंधन पर दबाव बनाए हुए हैं।
टाटा पिगमेंट : टाटा स्टील की सहायक कंपनी टाटा पिगमेंट में भी बोनस की तैयारी शुरू है। बोनस को लेकर प्रबंधन-यूनियन की वार्ता होने वाली है।
टीआरएफ : टीआरएफ में बोनस समझौते को लेकर प्रबंधन-यूनियन सक्रिय हो गई है। यूनियन महामंत्री संजय झा के मुताबिक समय रहते समझौते कराने के लिए प्रबंधन पर दबाव बनाया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2018-19 में बोनस की राशि फीसद में
कंपनी - बोनस (फीसद में)
टाटा स्टील - 12.52
टाटा मोटर्स - 12.2
टाटा हिताची - 17
जुस्को - 15
आइएसडब्ल्यूपी - 18.2
जेम्को - 17
टिनप्लेट- 20
टीजीएस- 12
टीआरएफ - 8.33
टाटा कमिंस- 19.5
न्यूवोको विस्टास - 20
टिमकेन -14
टाटा पिगमेंट- 17.5
स्टील स्ट्रिप्स व्हील्स-8.33