Union Budget 2021-22 : बजट आत्मनिर्भर भारत की नींव तैयार करने में सहायक होगा : रघुवर दास
Union Budget 2021-22. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की नींव तैयार करने में सहायक सिद्ध होगा। बजट नया भारत और आत्मनिर्भर भारत को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह बजट वोकल फॉर लोकल के मंत्र पर चलने वाला है।
जमशेदपुर, जासं। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की नींव तैयार करने में सहायक सिद्ध होगा। बजट नया भारत और आत्मनिर्भर भारत को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कोरोना महामारी के बीच प्रस्तुत किया गया 2021-22 का यह बजट वोकल फॉर लोकल के मंत्र पर चलने वाला तथा 130 करोड़ भारतीय के हित में है।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि इस बजट में स्वास्थ्य के क्षेत्र को सर्वाधिक महत्व दिया गया है। इस मद में 2.23 लाख करोड़ की व्यवस्था की गयी है। हर घर जल योजना में 2.87 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह बजट में आधारभूत संरचना को मजबूत तो करेगा ही साथ ही नियोजन में भी वृद्धि करेगा। इसमें भारतमाला योजना के माध्यम से सड़कों का जाल बिछाने के अलावा किसानों के लिए स्पेशल पैकेज की भी घोषणा की गयी है।
झारखंड को होगा खास लाभ
पूर्व मुख्यमंत्री ने सोननगर-गोमो पूर्वी डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (263.7 किलोमीटर) के निर्माण की घोषणा की सराहना करते हुए कहा कि इससे झारखंड को विशेष तौर पर लाभ होगा। राज्य के कई जिले को देश के विभिन्न क्षेत्रों से रेल के माध्यम से सीधे जुड़ेंगे। उन्होंने केंद्रीय बजट के उन छह स्तंभ की सराहना की जिन पर यह बजट टिका है। इन छह स्तंभों में स्वास्थ्य एवं कल्याण, भौतिक व वित्तीय पूंजी, एवं अवसंरचना, आकांक्षी भारत के लिए समावेशी विकास, मानव पूंजी में नवजीवन का संचार करना, नवसंचार तथा अनुसंधान एवं विकास और न्यूनतम सरकार व अधिकतम शासन शामिल है। इनसे कृषि, स्वास्थ्य व आधारभूत संचरना को मजबूती मिलेगी।