TWU सबसे धनवान श्रमिक संगठन के साढ़े 13 हजार सदस्यों में बंटेगी पौने सात सौ किलो चांदी Jamshedpur News
टाटा वर्कर्स यूनियन की स्थापना के शताब्दी वर्ष पर सभी सदस्यों को मिलेंगे 50-50 ग्राम के चांदी के सिक्के चार करोड़ रुपये का आएगा खर्च।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। टाटा वर्कर्स यूनियन के साढ़े 13 हजार सदस्यों के बीच 675 किलोग्राम चांदी बंटेगी। इसकी कीमत लगभग चार करोड़ रुपये आएगी। इसमें आधा पैसा टाटा स्टील जबकि आधी राशि टाटा वर्कर्स यूनियन खुद वहन करेगी।
टाटा स्टील की मान्यता प्राप्त मजदूर संगठन, टाटा वर्कर्स यूनियन (टीडब्ल्यूयू) अपनी स्थापना (5 मार्च 1920) का शताब्दी वर्ष मना रही है। इस पल को यादगार बनाने के लिए यूनियन अपने हर एक कर्मचारी को 50-50 ग्राम चांदी का सिक्का दे रही है। जिसमें यूनियन के शताब्दी वर्ष का प्रतीक चिंह अंकित रहेगा। वैसे सदस्य जो एक मार्च 2019 से 29 फरवरी 2020 के बीच यूनियन के सदस्य बन गए हैं।
उन्हें ही यह चांदी का सिक्का मिलेगा। कर्मचारियों को यह सिक्का मार्च माह के अंत तक कंपनी प्रबंधन और यूनियन उनके विभाग में भेज देगी। यूनियन शनिवार को शताब्दी समापन समारोह का आयोजन बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन सभागार में कर रही है। इसमें टाटा स्टील के चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) सह प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन इस सिक्के का अनावरण करेंगे।
देश की सबसे धनवान यूनियन है टीडब्ल्यूयू
टाटा वर्कर्स यूनियन देश की सबसे धनवान यूनियन है। यूनियन के पास वर्तमान में 39 करोड़ रुपये है जो उन्हें कर्मचारियों द्वारा दिए जाने वाले प्रतिमाह चंदे से प्राप्त होता है। महात्मा गांधी की पहल पर वर्ष 1925 में पहली बार कर्मचारियों का मासिक चंदा यूनियन के खाते में कटना शुरू हुआ था।