TWU Election Clash : एलडी-1 में उम्मीदवारों के बीच झड़प, प्रबंधन से हुई थी पूर्व में शिकायत
Tata Steel LD 1 Clash. टाटा स्टील के एलडी 1 में उम्मीदवारों के बीच झड़प की खबर है। तू-तू मैं-मै से शुरू हुआ विवाद धक्का-मुक्का तक आ गया। ऐसे में विभाग में तैनात सिक्योरिटी की टीम ने मोर्चा संभाला और दोनो गुटों को वहां से हटाया।
जमशेदपुर, जासं। Tata Workers Union Election टाटा वर्कर्स यूनियन चुनाव के दौरान रविवार सुबह एलडी-1 में दो गुटों पर जबदस्त झड़प हो गई। इस मामले में पहले भी कंपनी प्रबंधन को लिखित शिकायत की गई थी।
एक पक्ष का आरोप है कि निवर्तमान उपाध्यक्ष के कुछ समर्थक जो विभाग में शिफ्ट इंचार्ज भी हैं। पिछले कुछ दिनों से अपने शिफ्ट के मतदाताओं को एक पक्ष के समर्थन में वोट करने नहीं तो देख लेने की धमकी दे रहे थे। कर्मचारियों की शिकायत पर निर्वाचन क्षेत्र संख्या 94 से चुनाव जीतने वाले गोगिंदर सिंह जोगी, लक्ष्मण सिंह ने इसकी लिखित शिकायत कंपनी प्रबंधन से भी की थी। रविवार सुबह मतदान के समय नाइट ड्यूटी में रहने के बावजूद शिफ्ट इंचार्ज आठ बजे तक अपने शिफ्ट के कर्मचारियों को फिर से दबाव देते हुए वोट करने को कह रहे थे। समर्थन में वोट नहीं डालने पर भविष्य में गंभीर परिणाम भुगतने के लिए हड़का रहे थे। इसे लेकर ही यहां विवाद हो गया। जागी और लक्ष्मण सिंह का कहना था कि वे कर्मचारियों पर दबाव क्यों बना रहे हैं। उन्हें निष्पक्ष तरीके से मतदान करने दें।
धक्का-मुक्की तक ऐसे पहुंची बात
इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। तू-तू, मैं-मै से शुरू हुआ विवाद धक्का-मुक्का तक आ गया। ऐसे में विभाग में तैनात सिक्योरिटी की टीम ने मोर्चा संभाला और दोनो गुटों को वहां से हटाया। नाइट ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को घर जाने की सलाह दी गई। इसमें कुछ कर्मचारियों को हल्की चोट भी आई। लेकिन मामले को आगे नहीं बढ़ाते हुए इसे यहीं रफा-दफा किया गया। हालांकि निर्वाचन पदाधिकारी ने ऐसी किसी घटना से इंकार किया है।