टीडब्ल्यूयू चुनावी चक्कलस : अरविंद-सतीश में शुरू हो गया कोल्ड वार Jamshedpur News
टाटा वर्कर्स यूनियन में निवर्तमान डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय और महासचिव सतीश कुमार सिंह के बीच कोल्ड वार (शीतयुद्ध) शुरू हो गया है। फरवरी 2018 में हुए चुनाव के बाद से अरविंद और सतीश टाटा स्टील और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच होने वाले समझौते में साथ होते थे।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। टाटा वर्कर्स यूनियन में निवर्तमान डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय और महासचिव सतीश कुमार सिंह के बीच कोल्ड वार (शीतयुद्ध) शुरू हो गया है। फरवरी 2018 में हुए चुनाव के बाद से अरविंद और सतीश टाटा स्टील और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच होने वाले समझौते में साथ होते थे लेकिन चुनाव की घोषणा होते ही दोनो की राहें बिल्कुल जुदा हो गए हैं।
हालांकि यूनियन चुनाव के बाद से ही जब-जब अध्यक्ष आर रवि प्रसाद से सतीश की अनबन हुई। अरविंद ने कभी भी सतीश का साथ नहीं दिया। धीरे-धीरे दोनो की बीच दूरी अब खाई बन चुकी है। चुनाव की उल्टी गिनती शुरू होते ही अब दोनो अब अलग-अलग खेमे में हैं। दोनो ने अब तक तो एक-दूसरे के खिलाफ सीधे बयानबाजी से बचते रहे हैं लेकिन पिछले दिनों हुए फायनांस कमेटी की मीटिंग के बाद सब बदल गया।
मात्र एक सवाल से सबकुछ बदल गया और अरविंद पांडेय ने सतीश पर विपक्ष का चोला ओढ़कर राजनीति करने का आरोप लगा दिया। हालांकि अरविंद को भी ये बात खल रही है कि आर रवि प्रसाद के सेवानिवृत्त होने के बाद उसके समर्थकों ने अध्यक्ष बनाने की घोषणा कर दी। लेकिन सतीश ने संजीव उर्फ टुन्नू चौधरी को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाकर अरविंद को बड़ा झटका दिया है।
ऐसे में अरविंद के लिए चुनाव जीतने आसान नहीं होगा इसलिए बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। हालांकि सतीश ने पूरे मामले में सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा है लेकिन उसकी तरफ से उसके समर्थक कमेटी मेंबरों ने अरविंद पर जवाबी जुबानी हमला शुरू कर दिया है। जो चुनाव के नजदीक आते-आते और तेज होने के आसार हैं।