पूर्वी सिंहभूम के बड़शोल थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में पश्चिम बंगाल के दो बाइक सवार घायल
संसू बहरागोड़ा पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड के बड़शोल थाना क्षेत्र के एनएच-49 पर
संसू, बहरागोड़ा : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड के बड़शोल थाना क्षेत्र के एनएच-49 पर खंडामौदा चौक के पास मंगलवार की सुबह साढ़े नौ बजे सड़क हादसे में पश्चिम बंगाल के दो लोग बुरी तरह से घायल हो गए। बताया गया कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार ठोकर मार दिया, इस कारण यह हादसा हुआ।
ठोकर लगते ही बाइक पर सवार दोनों लोग दूर जा गिरे। बुरी तरह से दोनों जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस चालक को दूरभाष पर जानकारी दी। इसके बाद बड़शोल हाइवे-छह की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से बहरागोड़ा सीएचसी पहुंचाया गया। यहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाक्टर ओपी चौधरी और डाक्टर सावित्री रानी ने दोनों घायलों का उपचार किया।
बताया गया कि दोनों पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले के केशपुर प्रखंड के उचहार गांव के रहने वाले हैं। घायलों में 42 वर्षीय शेख अशराफुल अली हसन के सिर और पैर चोट लगी है। वहीं, 45 वर्षीय शेख जनाब अली के कान में चोट लगी है। कान से खून बह रहा था। सीएसची के डाक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया है। बताया गया कि दोनों पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से एक बाइक पर सवार होकर ओडिशा के संबलपुर जा रहे थे। दोनों फेरी कर प्लास्टिक का सामान बेचने का काम करते हैं। इसी सिलसिले में दोनों वहां जा रहे थे। उधर, बड़शोल थाना प्रभारी ज्योति लाल राजवाड़ ने बहरागोड़ा सीएचसी पहुंचकर इस मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घटना के बाद ट्रक लेकर चालक मौक पर फरार हो गया। ट्रक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।