Top Jamshedpur News of the day, 26th May 2020, कोरोना पॉजिटिव, गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, सिक्के के लिए हत्या, राजेंद्र सिंह
जमशेदपुर में मंगलवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मिला है। संक्रमित व्यक्ति टीएमएच में भर्ती था। गर्मी ने तोड़ा रिकार्ड इंसान संग पशु-पक्षी भी हो रहे बेहाल।
जमशेदपुर (जेएनएन)। जमशेदपुर में मंगलवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मिला है। संक्रमित व्यक्ति पहले से ही टीएमएच में भर्ती था। इसके साथ ही पूर्वी सिंहभूम जिले में संक्रमितों की संख्या अब 26 हो गई है। प्रचंड गर्मी ने तोड़ा रिकार्ड, इंसान संग पशु-पक्षी भी बेहाल हो रहे हैं। एक दिन पूर्व सरायकेला थाना अंतर्गत हुई हत्या महज एक सिक्के के लिए हुई थी। इस मामले में पारा शिक्षक समेत पांच को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह के निधन पर टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने शोक जताते हुए इसे श्रमिकों के लिए बड़ा नुकसान बताया है।
जमशेदपुर में मिला एक और कोरोना पॉजिटिव, टीएमएच में था भर्ती
पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर में मंगलवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मिला। संक्रमित व्यक्ति पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का रहने वाला है और टीएमएच में इलाजरत था। वह विगत 24 मई को भर्ती हुआ था। मंगलवार को उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे तत्काल टीएमएच के ही कोराना वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। उसके संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है। मंगलवार को मिले इस कोरोना पॉजिटिव के साथ ही पूर्वी सिंहभूम में कोरोना संक्रमितों की संख्या 26 हो गई है। सरायकेला-खरसावां जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या चार जबकि पश्चिमी सिंहभूम में अबतक दस है। इस तरह कोल्हान में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 40 हो चुकी है। इसके पूर्व सोमवार को पूर्वी सिंहभूम में एक जबकि पश्चिमी सिंहभूम में तीन कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में मिला कोरोना पॉजिटिव महाराष्ट्र से लौटकर आया था और उसे सरकारी क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था।
गर्मी ने तोड़ा रिकार्ड, इंसान संग पशु-पक्षी भी बेहाल
मई महीने के दौरान इस सीजन का सबसे अधिक तापमान सोमवार और मंगलवार को रहा। पहली बार झारखंड के जमशेदपुर शहर का तापमान 41.0 डिग्री का आंकड़ा छू चुका है। ऐसे में झुलसाने वाली गर्मी से लोग तो परेशान हैं ही, पशु-पक्षी भी बेहाल हो रहे हैं। लॉकडाउन के कारण लोग अपने घरों में कैद हैं, ऊपर से झुलसाने वाली गर्मी लोगों पर सितम ढाह रही है। जमशेदपुर शहर का तापमान बढ़ने के साथ ही लोगों के घरों में कूलर-पंखों की मरम्मत नहीं हो पा रही है। मौसम विभाग के अनुसार शहर और आसपास के क्षेत्र में आने वाले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहेगा। इसके बाद 29 मई से बदलाव होने के संकेत मिले हैं। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 29 मई को शहर और आसपास बादल छाए रहने के साथ बारिश भी हो सकती है। 30 और 31 मई को शहर और आसपास के क्षेत्र में बारिश की संभावना है। इस दौरान तापमान में गिरावट भी होगी। अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री तक रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने सोमवार को शहर का तापमान अधिकतम 41.0 और न्यूनतम 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
एक सिक्के के लिए हुई थी आदित्यपुर के व्यक्ति की हत्या, पारा शिक्षक समेत पांच गिरफ्तार
जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर के व्यक्ति की हत्या महज एक सिक्के के लिए की गई। व्यक्ति के पास हनुमान जी का एक सिक्का था। उसे हासिल करने के लिए ओझा और चार लोगों ने बेरहमी से उसे मार डाला था। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक पारा शिक्षक भी है। सभी से पूछताछ की जा रही है। आदित्यपुर के डी रोड का बागुन सोय परिजन को बीमारी से मुक्ति दिलाने के लिए ओझा-गुनी से पूजा-पाठ कराने राजनगर के बाना गांव गया था। तांत्रिक गणेश लोहार ने बागुन सोय को कहा कि सिक्के में जान डालने के लिए इसे रखकर मुर्गे की बलि देनी होगी। इसके बाद बागुन को लेकर वह नदी किनारे गया। वहीं पर मुर्गे की जगह बागुन की ही बलि दे दी। शव को छोड़कर सभी चलते बने। बागुन सोय का शव सोमवार को टेंटोंपोसी से राजनगर के कोलाबड़िया जाने वाले मार्ग पर बरामद किया गया था। उसकी गर्दन धड़ से लगभग अलग थी। पीछे से गर्दन पर वार कर हत्या को अंजाम दिए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही थी।
राजेंद्र सिंह के निधन पर टीवी नरेंद्रन ने जताया शोक, बताया श्रमिकों का बड़ा नुकसान
मजदूर नेता राजेंद्र सिंह के निधन पर शोक-संवेदनाओं का सिलसिला जारी है। टाटा स्टील के सीईओ सह एमडी टीवी नरेंद्रन ने भी उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा है कि राष्ट्रीय मजदूर कोलियरी यूनियन के अध्यक्ष के रूप में राजेंद्र सिंह का टाटा स्टील के साथ लंबा संबंध रहा। एक कर्तव्यनिष्ठ यूनियन लीडर के अलावे उन्होंने झारखंड विधानसभा के सदस्य के रूप में लोगों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में अथक प्रयास किए। उनके असामयिक निधन से टाटा स्टील और उनके लाखों श्रमिकों को बड़ा नुकसान हुआ है। उनसे टाटा स्टील को कई अहम सुझाव मिले थे। उनके नेतृत्व में ही माइंस व कोलियरी में कई एतिहासिक समझौतों को अंजाम दिया गया। टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह व अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने संयुक्त रूप से पूर्व मंत्री एवं मजदूर नेता राजेंद्र सिंह के देहांत पर संवेदना एवं हार्दिक दुख व्यक्त किया है। टिमकेन वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसीडेंट एलपी सिंह ने कहा है कि राजेंद्र सिंह मजदूरों के मसीहा थे।