Jamshedpur में जुटे तीन राज्यों के टोस्टमास्टर्स, ली लीडरशिप ट्रेनिंग Jamshedpur News
टोस्टमास्टर्स इंटरनेशनल के लीडरशिप ट्रेनिंग प्रोग्राम का आयोजन जमशेदपुर में किया गया। इसमें बिहार झारखंड और ओडिशा के टोस्टमास्टर्स शामिल हुए।
जमशेदपुर, जेएनएन। झारखंड के जमशेदपुर में तीन राज्यों के टोस्टमास्टर्स जुटे और लीडरशिप की ट्रेनिंग ली। टोस्टमास्टर्स लीडरशिप ट्रेनिंग प्रोग्राम रविवार को SNTI ऑडिटोरियम में विभिन्न टोस्टमास्टर्स क्लबों के सदस्यों को प्रशिक्षित करने के लिए आयोजित किया गया था। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में ओडिशा, झारखंड और बिहार के टोस्टमास्टर्स क्लब के सदस्यों ने भाग लिया। इनमें कई नए एवं अनुभवी टोस्टमास्टर्स भी शामिल रहे।
टोस्टमास्टर्स इंटरनेशनल की भूतपूर्व डिवीजन डायरेक्टर एवं वर्तमान डीसीपी चेयर डीटीएम डॉ चेतना वर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम में पब्लिक स्पीकिंग एवं लीडरशिप पर कई सारे वर्कशॉप आयोजित किए गए, क्योंकि निरंतर प्रशिक्षण और साझा ज्ञान के माध्यम से ही सफलता प्राप्त हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन हमारे लिए अत्यंत खास रहा। इतने सारे लोगों के साथ लीडरशिप का अनुभव साझा करने का मजा ही कुछ और था। कम्फर्ट जोन से बाहर निकाल कर ही इंसान बड़े से बड़े काम कर सकता है। टोस्टमास्टर साधारण से असाधारण बनने का एक अद्भुत जरिया है। निरंतर प्रशिक्षण और अभ्यास के द्वारा किसी भी उम्र में नेतृत्व और वक्तृत्व की क्षमता का विकास किया जा सकता है।
इनकी रही उपस्थिति
इस कार्यक्रम का समापन एरिया डायरेक्टर्स रोहित झा और मोहम्मद तन्वीरुद्दीन के वोट ऑफ थैंक्स से किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वर्तमान डिवीजन डायरेक्टर अभिषेक दास, सायन्तन दास, सोनी कोरेल, प्रत्यूष, लवली ओझा, शबीना, चन्दन, अमित बंसल, अवंतिका, मोहित,दर्शन, सीपा, सुमित, आदर्श आदि की भूमिका रही।
संस्था देती बेहतर वक्ता और लीडर बनने की ट्रेनिंग
टोस्टमास्टर्स इंटरनेशनल पब्लिक स्पीकिंग और लीडरशिप की एक नॉन प्रॉफ़िट वैश्विक संस्था है जो सदस्यों को बेहतर वक्ता एवं लीडर बनने की ट्रेनिंग देती है। पूरे विश्व मे इसके तीन लाख 57 हजार सदस्य हैं जो 143 देशों में सक्रिय हैं। इसकी स्थापना 1924 में अमेरिका में हुई थी। पूरे झारखंड बिहार और ओडिशा में 15 टोस्टमास्टर क्लब मौजूद हैं। बिहार और झारखंड में कुल 9 क्लब हैं। पूरे जमशेदपुर में 4 टोस्टमास्टर क्लब हैं। रविवार के कार्यक्रम में जमशेदपुर,पटना, रांची, राऊरकेला, भुवनेश्वर और झासुगुड़ा के सदस्य शामिल हुए।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप