Jamshedpur Coronavirus News: दो माह के बाद कोरोना से टीएमएच के पूर्व डॉक्टर की मौत, चार नए मरीज मिले
Jamshedpur Coronavirus News झारखंड के जमशेदपुर के लिए यह खतरे की घंटी है। अंतराल के बाद फिर कोरोना पैर पसारने लगा है। दो माह के बाद कोरोना से फिर एक मरीज की मौत हुई है। मृतक टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) के पूर्व डॉक्टर हैं।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। दो माह के बाद झारखंड के जमशेदपुर शहर में कोरोना से फिर एक मरीज की मौत हुई है। मृतक टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) के पूर्व डॉक्टर हैं। 15 साल पूर्व वे रिटायर्ड हुए थे। 75 वर्षीय डॉक्टर को 25 सितंबर को तबीयत बिगड़ी। इसके बाद उन्हें टीएमएच में भर्ती कराया गया था। इलाज के क्रम में मंगलवार को मौत हो गई। मृतक मधुमेह, उच्च रक्तचाप और मोटापा से भी ग्रस्त थे। इससे पूर्व जिले में 30 जुलाई को कोरोना से एक मरीज की मौत हुई थी। यानी 60 दिन पूर्व। जिले में अभी तक कुल 1058 मरीजों की मौत हो चुकी है।
साढ़े चार हजार से अधिक लोगों की हुई जांच
पूर्वी सिंहभूम जिले में मंगलवार को चार हजार 687 लोगों की जांच हुई। इसमें चार नए मरीज मिले। ये मरीज कदमा, साकची व मानगो के रहने वाले हैं। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 885 हो गई है।साढ़े पांच हजार से अधिक लोगों का लिया गया नमूनापूर्वी सिंहभूम जिले में मंगलवार को कुल पांच हजार 806 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रिपोर्ट शुक्रवार तक आएगी। जिले में अभी तक कुल 16 लाख एक हजार 861 लोगों की जांच हो चुकी है।
एक मरीज स्वस्थ होकर घर लौटा
एमजीएम अस्पताल में भर्ती एक कोविड के मरीज मंगलवार को स्वस्थ होकर घर लौटा। जिले में अभी तक कुल 50 हजार 818 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट बढ़कर 97.95 प्रतिशत है।
आठ हजार से अधिक लोगों ने ली वैक्सीन की पहली डोज
जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह की पहल पर मंगलवार को परसुडीह क्षेत्र के संजय गांधी क्लब, शंकरपुर और नामोटोला प्राथमिक विद्यालय में शिविर लगाकर लोगों को वैक्सीन दी गई। वहीं, जिले में कुल आठ हजार 356 लोगों को पहली डोज दी गई। जबकि छह हजार 478 लोगों ने दूसरी डोज ली। जिले में अब तक कुल 12 लाख 28 हजार 634 लोगों ने पहली डोज व चार लाख 80 हजार 587 लोगों ने दूसरी डोज ली है।