नौकरी की आस में उम्र बनी फांस, टिस्को निबंधित कर्मचारी पुत्रों को 28 दिसंबर का इंतजार
Tisco registered employee son. टिस्को निबंधित कर्मचारी पुत्रों ने पिछले दिनों टाटा वर्कर्स यूनियन नेतृत्व से मिलकर बहाली की उम्र सीमा को 42 से बढ़ाकर 45 वर्ष करने या परीक्षा से वंचित होने वाले कर्मचारी पुत्रों के लिए एकमुश्त राशि देकर सेटेलमेंट करने का प्रस्ताव दिया था।
जमशेदपुर, जासं। टिस्को निबंधित कर्मचारी पुत्रों को 28 दिसंबर का इंतजार है। टाटा स्टील के लगभग 12 हजार निबंधित कर्मचारी पुत्रों को इस दिन का बड़ी बेसब्री से इंतजार है। टाटा स्टील में 500 निबंधित कर्मचारी पुत्रों की बहाली जल्द ही निकलने वाली है।
इसके लिए टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन ने निबंधित कर्मचारी पुत्रों की उम्र सीमा को 40 वर्ष से बढ़ाकर 42 वर्ष किया है। लेकिन टाटा स्टील के निबंधित कर्मचारी पुत्रों में से लगभग 40 प्रतिशत निबंधि कर्मचारी पुत्रों की उम्र 42 वर्ष से अधिक हो चुकी है।
उपश्रमायुक्त से की गई है शिकायत
ऐसे में टिस्को निबंधित कर्मचारी पुत्र के अध्यक्ष मोहन पांडेय ने इस मामले में उप श्रमायुक्त से शिकायत की है। उन्होंने उम्र सीमा को 42 वर्ष से बढ़ाकर 45 वर्ष करने और कंपनी में बहाली की संख्या 500 से बढ़ाकर 1000 करने और बहाली की प्रक्रिया को तीन वर्ष से घटाकर एक वर्ष करने की मांग की है। इस मामले में उप श्रमायुक्त ने टाटा स्टील प्रबंधन को एक पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने पूरे मामले में टाटा स्टील प्रबधन को जवाब सौपने के लिए 28 दिसंबर का समय दिया है। ऐसे में टिस्को निबंधित श्रमिक संघ के सदस्यों इस दिन का बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं क्योंकि निबंधित कर्मचारी पुत्रों ने इससे पहले टाटा स्टील प्रबंधन से मिलकर अपनी मांगें रख चुके हैं।
सेटलमेंट का भी दिया था प्रस्ताव
वहीं, पिछले दिनों टाटा वर्कर्स यूनियन नेतृत्व से मिलकर बहाली की उम्र सीमा को 42 से बढ़ाकर 45 वर्ष करने या परीक्षा से वंचित होने वाले कर्मचारी पुत्रों के लिए एकमुश्त राशि देकर सेटेलमेंट करने का प्रस्ताव दिया था लेकिन हर बार की तरह इस बार भी उन्हें यूनियन नेतृत्व से कंपनी प्रबंधन से वार्ता करने का सिर्फ आश्वासन ही मिला है। ऐसे में निबंधित कर्मचारी पुत्र 28 दिसंबर का इंतजार कर रहे हैं जब उन्हें इस मामले में कोई निर्णय आने की उम्मीद है।