बर्थडे गिफ्ट लेने घर से निकलीं मानगो की तीन किशोरी लापता, पारडीह मध्य विद्यालय की है छात्रा Jamshedpur News
बर्थडे गिफ्ट लेने घर से निकलीं मानगो की तीन किशोरी लापता हो गई है। तीनों सहेली थी। मानगो पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
जमशेदपुर, जासं। मानगो थाना क्षेत्र के पारडीह ऊपर बस्ती से सोमवार की रात तीन किशोरियां लापता हो गई हैं। ये तीनों किशोरियां सहेली हैं और शाम पांच बजे बर्थ डे गिफ्ट लेने घर से निकली थीं। जब देर रात तक किशोरियां घर वापस नहीं लौटीं तो इनके माता-पिता परेशान हो उठे। इलाके में खोजबीन करने पर भी जब तीनों नहीं मिलीं तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
गायब हुई किशोरियों में राजन गोस्वामी की 12 वर्षीय बेटी लक्ष्मी गोस्वामी, पवन सिंह की 12 वर्षीय बेटी अंजलि सिंह और गुरुपदो स्वामी की आठ वर्षीय बेटी गायत्री गोस्वामी हैं। शाम पांच बजे निकली ये किशोरियां जब सात बजे तक नहीं लौटीं तो इनके परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने इनकी तलाश शुरू की तो कुछ पता नहीं चल सका। परिजनों ने मोहल्ले के सभी लोगों और रिश्तेदारों के यहां इन तीनों को तलाश किया। रात नौ बजे तक जब ये किशोरियां नहीं मिलीं तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। लक्ष्मी ने 7738180271 पर रविवार व सोमवार को एक-एक बार घर के मोबाइल से बात की थी। यह मोबाइल मुंबई के किसी लाल बहादुर लेबर का बताया जा रहा है।
परिजनों से मिले बन्ना, पुलिस से की बात
तीनों किशोरियों के लापता होने की सूचना मिलते ही जमशेदपुर पश्चिमी से कांगेे्रस के उम्मीदवार बन्ना गुप्ता पारडीह पहुंच गए। बन्ना ने किशोरियों के पिता से बात की और फिर मानगो थाना प्रभारी को फोन लगाया। थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और बन्ना गुप्ता को बताया कि वो किशोरियों की तलाश में जुट गए हैं।
लक्ष्मी का था बर्थडे, गिफ्ट लेने निकली थीं सहेलियां
राजन गोस्वामी ने बताया कि उनकी बेटी लक्ष्मी का सोमवार को बर्थडे था। शाम पांच बजे लक्ष्मी, गायत्री और अंजलि गिफ्ट लेने निकली थीं। वो शहनाई मैरेज हाल के पास खड़ी थीं। यहीं से उन्हें गिफ्ट लेना था।
कार रुकी और गायब हो गईं तीनों
गायत्री की छोटी बहन बताती है कि वो भी तीनों के पीछे गई थी। दूर से देखा कि तीनों शहनाई मैरेज हाल के पास खड़ी हैं। तभी मानगो की तरफ से एक कार आई और तीनों कार के पीछे हो गईं। कुछ देर रुकने के बाद कार चली गई। इसके बाद किशोरियां नजर नहीं आईं। परिजनों को शक है कि शायद इसी कार चालक ने उनकी बेटियों का अपहरण कर लिया हो।
सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज
मानगो थाना प्रभारी मिथिलेश सिंह का कहना है कि पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी। एक सीसीटीवी कैमरा कालीमंदिर के पास लगा है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से किशोरियों की खोजबीन में मदद मिलेगी।