ऑनलाइन दीक्षा समारोह में कॉमर्स की तीन छात्राओं को मिलेगा बेस्ट ग्रेजुएट का सम्मान
जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज में दिसंबर महीने के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित दीक्षा समारोह के लिए आनलाइन उपाधि प्राप्त करने वाली 139 टापर्स की सूची जारी कर दी गई है। इसमें चार छात्राओं को बेस्ट ग्रेजुएट सम्मान तथा 16 को स्वर्ण पदक प्राप्त होगा।
जमशेदपुर, जासं। जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज में दिसंबर महीने के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित दीक्षा समारोह के लिए आनलाइन उपाधि प्राप्त करने वाली 139 टापर्स की सूची जारी कर दी गई है। इसमें चार छात्राओं को बेस्ट ग्रेजुएट सम्मान तथा 16 को स्वर्ण पदक प्राप्त होगा। चार छात्राओं में कामर्स संकाय की तीन छात्राओं को तीन लगातार सत्रों के लिए यह सम्मान प्राप्त होगा।
प्रोफेसर (डॉ.) शुक्ला महांती ने कहा कि सत्र 2015, 2016, 2017 और 2018 में कला, समाज विज्ञान, विज्ञान और वाणिज्य संकाय में स्नातक और स्नातकोत्तर के अपने-अपने विषयों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली इन छात्राओं को महाविद्यालय की तरफ से सूचना भेजी जा रही है। इस कार्यक्रम के लिए फोटो सेशन और वीडियो रिकार्डिंग की प्रक्रिया जल्दी ही शुरू होगी। आइआइटी बांबे ने महाविद्यालय प्रशासन के साथ आवश्यक समन्वय करते हुए तैयारियां तेजी से शुरू कर दी हैं। छात्राएं पहली बार इस डिजिटल दीक्षा समारोह के लिए उत्साहित हैं।
इन छात्राओं को मिलेगा सम्मान
- 2012-15 : सोनी तिवारी - कामर्स
- 2013-16 : हनी कुमारी - कामर्स
- 2014-17 - मनीषा कुमारी - कामर्स
- 2015-18 : पायल डान - मैथ
झारखंड में पहली बार हो रहा आनलाइन दीक्षा समारोह
जमशेदपुर वीमेंस कालेज का आनलाइन दीक्षा समारोह पहली बार हो रहा है। यह कालेज झारखंड का पहला कालेज है, जो इस तरह का कार्यक्रम आनलाइन करने जा रहा है। इसमें चार सत्र के छात्राओं को स्वर्ण पदक व प्रमाण पत्र प्राप्त होगा।