खरकाई नदी में बहे नहाने गए तीन बच्चे, एक लापता Jamshedpur News
जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र के बंता नगर प्लैटिना सिटी के समीप खरकाई नदी में नहाने गए तीन बच्चे शुक्रवार को बह गए। इनमें दो किसी तरह जान बचाने में सफल रहे लेकिन तीसरा नहीं निकल सका।
आदित्यपुर/सरायकेला, जेएनएन। जमशेदपुर से सटे सरायकेला- खरसावां जिले के आरआईटी थाना अंतर्गत बंतानगर सी जोन प्लैटिना सिटी के समीप खरकई नदी में शुक्रवार को एकबार फिर से तीन युवक बह गए। जिसमें से 18 वर्षीय युवक आदित्य महतो डूब गया। जबकि उसके साथ मौजूद उसका एक भाई बादल महतो समेत एक अन्य युवक प्रद्युमन बाल-बाल बच गए। आदित्य की तलाश की जा रही है।
बताया जाता है कि रिक्शा कॉलोनी के तीन युवक प्रद्युम्न, आदित्य और बादल नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी बीच आदित्य का चप्पल नदी में बहने लगा। चप्पल निकालने जैसे ही आदित्य नदी में घुसा कि वह पानी के तेज बहाव में बहने लगा। दोनों दोस्तों ने बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तबतक आदित्य गहरे पानी में डूब चुका था। उधर, घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन गोताखोरों के अभाव में समय पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। वहीं परिजनों का रो -रो कर बुरा हाल है।
स्थानीय गोताखोरों को नहीं मिली है अबतक सफलता
उधर, स्थानीय गोताखोरों ने हिम्मत जुटाकर युवक को ढूंढने का काम शुरू कर दिया है, लेकिन अब तक युवक का अता पता नहीं चल सका है। जिस जगह पर खरकाई में नहाने गए तीन बच्चे शुक्रवार को बहे, हादसों के लिए कुख्यात है। यहां आए दिन हादसे होते हैं। पिछले दिनों भी यहां डूबने से मौत हो गई थी।