खनिज की खोज करने वाले विभाग में दो माह से खाली उपनिदेशक का पद Chaibasa News
कोल्हान अंचल के खान एवं भूतत्व विभाग के कर्मचारियों के वेतन की नहीं हो पा रही निकासी। 30 जून को सेवानिवृत्त हुए थे संतोष कुमार सिंह। नये पदाधिकारी की नियुक्ति नहीं हो सकी है।
चाईबासा, जासं। कोल्हान में खनिज की खोज करने वाले खान एवं भूतत्व विभाग में उपनिदेशक का पद पिछले दो माह से रिक्त पड़ा है। 30 जून को संतोष कुमार सिंह के सेवानिवृत्त हो जाने के बाद से यहां उपनिदेशक के पद पर किसी अन्य पदाधिकारी की नियुक्ति नहीं की गयी है।
संतोष कुमार सिंह भूतत्व विभाग के साथ-साथ खान विभाग के भी उपनिदेशक थे। उपनिदेशक का पद खाली रहने के कारण दोनों संबंधित विभाग में दो माह से हर तरह का कामकाज बंद है। जिले में खनिज की खोज का काम बंद पड़ा है। किसी तरह का सरकारी पत्राचार भी नहीं हो पा रहा है। विभाग के कर्मचारियों के वेतन के भी लाले पड़े हुए हैं। दोनों विभाग को मिलाकर करीब एक दर्जन कर्मचारी बिना वेतन के काम करने को मजबूर हैं। 29 अगस्त को झारखंड का सबसे बड़ा पर्व करमा है। वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मी निराश हैं। इसके अलावा माइनिंग से जुड़े एक दर्जन से ज्यादा सर्टिफिकेट केस की सुनवाई भी लंबित है। सुनवाई नहीं होने से राज्य सरकार को राजस्व मद का नुकसान हो रहा है।