Move to Jagran APP

साल 2021 की वो अपराध की घटनाएं जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया, आप भी जानिए

2021 में जमशेदपुर में कुछ ऐसी घटनाएं हुईं जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया। बड़ी आपराधिक वारदात हुईं। दुष्कर्म और हत्या जैसे गंभीर मामले के वर्दीधारी नामजद आरोपित बने। रिश्वत मांगने के मामले में न्यायिक हिरासत में भेजे गए।

By Rakesh RanjanEdited By: Published: Fri, 31 Dec 2021 12:50 PM (IST)Updated: Fri, 31 Dec 2021 12:50 PM (IST)
साल 2021 की वो अपराध की घटनाएं जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया, आप भी जानिए
दीपक कुमार ने पत्नी वीणा देवी, पुत्री दीया, सानवी और टयूशन शिक्षिका की बेरहमी से हत्या कर दी थी।

जमशेदपुर, अन्वेष अम्बष्ठ। साल 2021 बीतने को है और 2022 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। 2021 में जमशेदपुर में कुछ ऐसी घटनाएं हुईं, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया। बड़ी आपराधिक वारदात हुईं। दुष्कर्म और हत्या जैसे गंभीर मामले के वर्दीधारी नामजद आरोपित बने। रिश्वत मांगने के मामले में न्यायिक हिरासत में भेजे गए। प्रदेश के एक मंत्री के निजी चालक पर दुष्कर्म का आरोप लगा। टाटा स्टील के कर्मचारी ने पत्नी, दो बच्चों समेत चार की हत्या कर दी।

loksabha election banner

वहीं पुलिस की कार्रवाई नहीं होने के कारण टाटा स्टील के कर्मचारी ने पुत्री संग खुदकुशी कर ली थी। मदर टेरेसा वेलफेयर ट्रस्ट जैसे संस्था के संचालक समेत पांच पर गंभीर आरोप लगे। बाद में संचालक की न्यायिक हिरासत में मौत हो गई। सामूहिक दुष्कर्म की तीन वारदात हुई। वहीं नशेड़िया ने मानगो में छिनतई के विरोध में सरेराह अरविंद सिंह की 30 नवंबर को हत्या कर दी थी। इससे पहले डीएसपी के रिश्तेदार को साकची में चाकू घोंप दी थी। संयोगवश वह बच गया। यहां प्रस्तुत हैं, कुछ चर्चित मामले

कदमा में पत्नी, दो बच्चों समेत शिक्षिका की हत्या

कदमा थाना के तिस्ता रोड क्वार्टर नंबर 97 में 12 अप्रैल की घटना है, जहां टाटा स्टील में फायर बिग्रेड के कर्मचारी दीपक कुमार ने पत्नी वीणा देवी, पुत्री दीया, सानवी और टयूशन शिक्षिका की बेरहमी से हत्या कर दी थी। दो पुत्रियों और पत्नी के सिर पर हथौड़ी से प्रहार कर अधमरा कर दिया था। इसके बाद तकिया से मुंह दबाकर सबको मार डाला। इसके बाद ट्यूशन शिक्षिका को भी मौत के घाट उतार दिया। उसके साथ दुष्कर्म भी किया। घटना की भनक पड़ोसियों को भी नहीं लग पाई थी। इसके बाद दीपक भाग निकला था। उसे जमशेदपुर की पुलिस ने धनबाद से 17 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। एक साथ चार की हत्या शहर की चर्चित घटना थी। दीपक के मुताबिक, उसने आर्थिक अभाव और कर्ज की परेशानी से तंग आकर घटना को अंजाम दिया था।

वर्दी पर लगा दाग, किसी पर दुष्कर्म तो किसी पर हत्या का आरोप

बिरसानगर थाना के सब इंस्पेक्टर रवि रंजन।

कई ऐसे मामले शहर में सामने आए जिसमें वर्दी पर दाग लगे। इनकी करतूत सामने आई। किसी पर दुष्कर्म तो किसी पर हत्या का आरोप लगा। रिश्वत मांगने के आरोप में तीन सब इंस्पेक्टर को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। बिरसानगर थाना के सब इंस्पेक्टर रवि रंजन पर बहरागोड़ा की शादीशुदा महिला से यौन शोषण करने, गर्भवती करने, गर्भपात कराने, ब्लैकमेल करने और अश्लील तस्वीर वायरल करने के आरोप लगे। महिला थाना में आरोपित दारोगा पर प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई। दारोगा को उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई। साकची थाना के सहायक अवर निरीक्षक धमेंद्र कुमार सिंह ने बिष्टुपुर की महिला वर्षा पटेल की 12 नवंबर को गला दबाकर हत्या कर दी थी। शव को टेल्को के तालाब में फेंक दिया था। आरोपित पुलिसकर्मी को बिहार से टेल्को थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया। वह घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद है। गाेविंदपुर निवासी एक पुलिस अधिकारी के नाबालिग पुत्र पर युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने की प्राथमिकी गोविंदपुर थाना में दर्ज है, जिसकी जांच अब तक जारी है। रिश्वत लेने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने विगत 20 मई को जादूगोड़ा थाना के सब इंस्पेक्टर आलोक और एमजीएम थाना के सब इंस्पेक्टर मोहन कुमार को गिरफ्तार किया था।

पुलिस की कार्रवाई नहीं होने के कारण टाटा स्टील कर्मचारी ने पुत्री के साथ कर ली थी खुदकुशी

बिष्टुपुर में क्यू रोड निवासी टाटा स्टील के कर्मचारी प्रीतपाल सिंह सैनी ने अपनी पुत्री बलजीत के साथ जुगसलाई रेलवे फाटक पर विगत 30 को खुदकुशी कर ली थी। घटना से पहले उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था, जिसमें उसने अपने भाई पर पत्नी के साथ गलत हरकत करने, केस उठा लेने की धमकी देने, समझौता के लिए दबाव देने, घर आकर धमकी देने और मारपीट किए जाने और बिष्टुपुर थाना की पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने संबंधित बातों को लिखा था। खुदकुशी के लिए उत्प्रेरित किए जाने की प्राथमिकी हरजीत सिंह, हरजीत कौर, जसवीर कौर, परमजीत सिंह सैनी समेत अन्य के विरुद्ध मृतक की पत्नी ने जुगसलाई थाना में दर्ज कराई थी।

मदर टेरेसा वेलफेयर ट्रस्ट के संचालक हरपाल समेत अन्य पर यौन उत्पीड़न का मामला

टेल्को स्थित मदर टेरेसा वेलफेयर ट्रस्ट के संचालक हरपाल सिंह, उसकी पत्नी पुष्पा तिर्की, वार्डेन गीता सिंह, आदित्य सिंह समेत अन्य पर दो नाबालिग की शिकायत पर टेल्को थाना में उत्पीड़न, प्रताड़ना, मानसिक शोषण और पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी विगत जून में दर्ज की गई थी। मामले के आरोपितों को जमशेदपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश के सिंगरौली में छापेमारी कर 14 जून को गिरफ्तार किया था। 17 जुलाई को न्यायिक हिरासत में संदिग्ध परिस्थिति में हरपाल सिंह की मौत हो गई थी।

जुगसलाई के होटल में होटल मालिक विक्रम सिंह की हत्या

रुपये के लेन-देन के विवाद में जुगसलाई स्टेशन रोड के एबी पैलेस होटल में विगत दो मई की शाम होटल मालिक सह ट्रांसपोर्टर विक्रम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप एबी पैलेस के मालिक टुनटुन सिंह समेत छह पर लगा था। टुनटुन सिंह और उसके समधी राजकुमार सिंह न्यायिक हिरासत में है। टुनटुन सिंह जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष का पति है।

परसुडीह और एमजीएम में दुष्कर्म का मामला

परसुडीह में प्रेमी के सामने एक युवती के साथ 29 जुलाई की रात को छह लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। इस मामले के सभी आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। वहीं मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र में 11 अगस्त की रात एक महिला के साथ छह लोगों ने दुष्कर्म किया था। महिला का पति जेल में बंद है। पुलिस ने दुष्कर्म मामले में आरोपितों को किया था। दोनों दुष्कर्म के मामले शहर में चर्चित रहे थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.