Jamshedpur coronavirus News Update : पूर्वी सिंहभूम में 696 संदिग्धों की हुई जांच, 56 मिले कोरोना पॉजिटिव; 135 हुए ठीक
Jamshedpur coronavirus News Update. पूर्वी सिंहभूम जिले में गुरुवार को तीन हजार 696 कोरोना संदिग्ध मरीजों की जांच हुई। इसमें 56 पॉजिटिव मिले। इसमें गुड़ाबांधा थाना के दो स्टाफ और टीएमएच नर्स हास्टल की एक नर्स शामिल हैं।
जमशेदपुर, जासं। पूर्वी सिंहभूम जिले में गुरुवार को तीन हजार 696 कोरोना संदिग्ध मरीजों की जांच हुई। इसमें 56 पॉजिटिव मिले। इसमें गुड़ाबांधा थाना के दो स्टाफ, टीएमएच नर्स हास्टल की एक नर्स, सोनारी के एक ही परिवार के दो लोग, सर्किट हाउस एरिया के ही परिवार के दो लोग शामिल हैं।
इसके अलावा एमजीएम के तीन स्टाफ, डुमरिया के चार, पोटका के सात, कदमा उलियान के एक, सोनारी कागलनगर स्थित वर्कर्स फ्लैट के एक, बर्मामाइंस, डिमना रोड, बारीडीह, टिनप्लेट सहित अन्य क्षेत्र भी मरीज मिले। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 15124 हो गई है। वहीं, गुरुवार को कोरोना से एक भी मरीज की मौत नहीं हुई, जो राहत की खबर है।
4675 संदिग्धों का लिया गया नमूना
गुरुवार को 4675 संदिग्ध मरीजों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। अबतक 239121 का नमूना लिया जा चुका है। इसमें 223997 का रिपोर्ट निगेटिव आई है।
135 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे
एमजीएम, टीएमएच सहित विभिन्न कोविड वार्ड से कुल 135 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अब तक कुल 13548 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
प्लाज्मा देने में भी जमशेदपुर राज्य में सबसे आगे
प्लाज्मा देने में भी जमशेदपुर राज्य में सबसे आगे हो गया है। रांची को पछाड़ पहले स्थान पर काबिज हो गया है, जो अच्छा संकेत है। हालांकि, मरीजों की संख्या कम होने से प्लाज्मा की मांग थोड़ी कम हो गई है। गुरुवार को तीन लोगों ने बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर ब्लड बैंक पहुंचकर प्लाज्मा दान किया। इसमें टाटा स्टील ब्लास्ट फर्नेस के कर्मचारी शशांक शेखर भी शामिल है। वे दूसरी बार प्लाज्मा दान किया। शशांक शेखर 89 बार खून दान भी कर चुके हैं। इसके साथ ही एसटी खान तथा जेरोम कुटिंहा ने भी प्लाज्मा दान किया। इस मौके पर जिला प्लाज्मा डोनेशन प्रभारी स्मिता नागेशिया, जमशेदपुर ब्लड बैंक के प्रशासक संजय चौधरी, रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, रेड क्रास एसडीपी डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह, एसएनटीआई के सहायक प्रबंधक उदय प्रकाश सिंह ने सबका हौसला बढ़ाया और उन्हें सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर ब्लड बैंक के चिकित्सक डा. एलबी सिंह सहित उनकी टीम उपस्थित थी।
कोरोना संक्रमित दो शव का हुआ अंतिम संस्कार
भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर गुरुवार को कोरोना संक्रमित दो शव का अंतिम संस्कार हुआ। इसमें एक जुगसलाई निवासी 61 वर्षीय व बिरसानगर निवासी 74 वर्षीय बुजुर्ग पुरुष का शव था।