डीएलसी की मध्यस्थता के बाद टेल्को के सिविल मेंटेनेंस कामगारों की हड़ताल खत्म, आज से लौटेंगे काम पर Jamshedpur News
इसके अलावा सिविल मेंटेनेंस में कार्यरत टाटा मोटर्स एनुअल कांट्रैक्टर (एआरसी) मजदूर व जुस्को के ठेका मजदूरों के ग्रेच्युटी भुगतान पर मुख्य नियोजक टाटा मोटर्स नीति तैयार करेगी।

जमशेदपुर (जासं) । टेल्को में सिविल मेंटेनेंस में कार्यरत टाटा मोटर्स एनुअल कांट्रैक्टर (एआरसी) मजदूर व जुस्को के ठेका मजदूरों के ग्रेच्युटी भुगतान पर मुख्य नियोजक टाटा मोटर्स नीति तैयार करेगी। इसके बाद इस नीति को 21 सितंबर को होने वाली अगली वार्ता में पेश किया जाएगा। इधर, उप श्रमायुक्त राजेश प्रसाद की मध्यस्थता में गुरुवार को हुई त्रिपक्षीय वार्ता में बनी सहमति के बाद कामगारों ने पिछले 20 से अधिक दिनों से चली आ रही हड़ताल वापस लेने की घोषणा की। कामगार शुक्रवार से काम पर लौटेंगे। गुरुवार को हुई वार्ता में कामगार प्रतिनिधियों को ग्रेच्युटी के लिए कामगारों के योगदान तिथि, सेवा अवधि और पे स्लिप टाटा मोटर्स प्रबंधन को उपलब्ध कराएंगे।
जिन कामगारों के कागजात नहीं हैं उनके लिए प्रबंधन एक नीति (फार्मूला) तैयार करेेेगा। इसे 21 सितंबर की शाम चार बजे होने वाली वार्ता में प्रबंधन पेश करेगा। प्रबंधन ने वर्तमान नियम के मुताबिक ग्रेच्युटी भुगतान करने पर सहमति दी। मजदूर प्रतिनिधि व विधायक रामदास सोरेन ने कामगारों का 15 दिनों के अनुपात पर ग्रेच्युटी तय करने का प्रस्ताव दिया। वार्ता में टाटा मोटर्स से इआर जीएम दीपक कुमार, डीजीएम केशव मणि, जुस्को के डीसीएम उज्ज्वल महंती, सिद्धेश्वर विश्वकर्मा, मजदूर प्रतिनिधि के रूप में विधायक रामदास सोरेन, शैलेंद्र मैथी, श्यामल सरकार, सागर महतो, विद्युत आदि शामिल हुए।
Edited By Vikas Srivastava