Tata Workers Union Election Today : यूनियन पदाधिकारियों की प्रतिष्ठा दांव पर, बचा पाएंगे अपना पद
Tata Workers Union Election. माना तो ये भी जा रहा है कि कई पदाधिकारी अपने निर्वाचन क्षेत्र से ही चुनाव नहीं जीत पाएंगे। उन्हें अपने ही निर्वाचन क्षेत्र में हार का सामना करना पड़ सकता है। यदि जीत भी गए तो पदाधिकारी बनने पर भी शंका है।
जमशेदपुर, जासं। टाटा वर्कर्स यूनियन का रविवार को हो रहे चुनाव में निवर्तमान पदाधिकारियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। यूनियन अध्यक्ष आर रवि प्रसाद रविवार को ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ऐसे में शेष 10 पदाधिकारी की प्रतिष्ठा दांव पर है।
हालांकि यूनियन के निवर्तमान महामंत्री सतीश कुमार सिंह और उपाध्यक्ष हरिशंकर सिंह पहले ही अपने निर्वाचन क्षेत्र से निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। लेकिन शेष आठ पदाधिकारियों को अपने निर्वाचन क्षेत्र से पहले कमेटी मेंबर का चुनाव जीतना होगा। इसके बाद उन्हें पदाधिकारी के पद पर अपना किस्मत आजमाना होगा। हालांकि सभी आठ पदाधिकारी ने सत्ता पक्ष से पहले ही किनारा कर चुके हैं इसलिए अब इनकी पुरानी टीम बिखर चुकी है। अब देखना है कि ये सभी पदाधिकारी कितने कमेटी मेंबरों को अपने साथ जोड़ पाते हैं क्योंकि इनकी टीम पहले ही टूट चुकी है।
कई पदाधिकारियों की जीत पर संशय
माना तो ये भी जा रहा है कि कई पदाधिकारी अपने निर्वाचन क्षेत्र से ही चुनाव नहीं जीत पाएंगे। उन्हें अपने ही निर्वाचन क्षेत्र में हार का सामना करना पड़ सकता है। यदि जीत भी गए तो पदाधिकारी बनने पर भी शंका है। क्योंकि किसी भी टीम के पास 108 का जादुई आंकडा नहीं है। हां, स्टीलेनियम हॉल के बंद कमरे में कोई करिश्मा हो जाए तो और बात है। लेकिन इतना तय माना जा रहा है कि कई पदाधिकारी बदलने वाले हैं। क्योंकि कुछ पदाधिकारियों के खिलाफ कमेटी मेंबरों में काफी गुस्सा है और वे इन्हें बदलना भी चाहते हैं। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि कौन-कौन पदाधिकारी चुनाव जीतते हैं और किसे हार का सामना करना पड़ता है। कौन-कौन कमेटी मेंबर पदाधिकारी बने, इसका खुलासा एक फरवरी की सुबह ही हो पाएगा।