टाटा वकर्स यूनियन चुनावी चक्कलश : कभी थे धूर विरोधी, आज बांट रहे हैं मिठाई
Tata Walkers Union Election Chakkalsh.टाटा वर्कर्स यूनियन में चुनाव नजदीक है। यूनियन की वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल फरवरी 2021 में पूरा हो रहा है। कभी भी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा हो सकती है। हर गुट तैयार है। पढि़ए रोचक जानकारी।
जमशेदपुर, जासं। टाटा वर्कर्स यूनियन में चुनाव नजदीक है। यूनियन की वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल फरवरी 2021 में पूरा हो रहा है। कभी भी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा हो सकती है। ऐसे में हर गुट अपने विरोधियों को पटखनी देने या उनके साथ कुछ ऐसा करने की जुगत में है ताकि अपना लोहा मनवा सके।
ताजा मामला टाटा स्टील कोक प्लांट है। यहां के एक कर्मचारी हैं आई खान। जो विभाग के एक कमेटी मेंबर पीके सिंह के धूर विरोधी हैं। जबकि पीके सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन अध्यक्ष आर रवि प्रसाद के काफी करीबी हैं और खुद को आगामी चुनाव में रिटर्निंग ऑफिसर का दावेदार बताते हैं। लेकिन आई खान सार्वजनिक रूप से कई बार अपने विभाग के कमेटी मेंबर को गरिया भी चुके हैं। हालांकि, उनकी दंबगई ही उन्हें ले डूबी। अगस्त माह में नाइट ड्यूटी के दौरान आई खान पर अपने साथी कर्मचारी का लॉकर तोड़ने का आरोप लगा तो विरोधियों के हाथों में बटेर लग गई। कंपनी प्रबंधन की ओर से बनाई जाने वाली इंक्वायरी कमेटी में विभागीय कमेटी मेंबर खुद सदस्य हैं ही। जांच के नाम पर आई खान को सस्पेंड टिल इंक्वायरी (जांच तक निलंबित) का नोटिस पकड़ा दिया।
इसलिए बचा दी नौकरी
अब बेचारे आई खान करें क्या। नौकरी जाने के डर से यूनियन कार्यालय का चक्कर लगाने में जुट गए। अब वहीं कमेटी मेंबर सत्ता पक्ष से करीब होने का फायदा उठाते हुए मर्सी ग्रांउड दिखाकर आई खान को उनकी नौकरी वापस तो दिला दी, लेकिन कार्रवाई के नाम पर उनके दो इंक्रीमेंट कटवा दिया और भविष्य में ऐसी गलती की पुनावृत्ति न हो, इस शर्त पर ड्यूटी भी ज्वाइन करवा दिया। अब एक तरफ आई खान उस कमेटी मेंबर का आभार करते नहीं थक रहे हैं जिन्हें वे पहले गरियाते थे। साथ ही लड्डू भी बांट रहे हैं। ऐसे में कमेटी मेंबर ने भी अपना कॉलर टाइट कर लिया। लेकिन बेचारे आई खान को क्या पता है, ये राजनीति है और यहां सब चलता है।