Covid 19 Effect: टाटा स्टील ने स्थगित किया लिटरेरी मीट्स, जाने कहां होने वाला था आयोजन
Tata Steel Literary Meet. कोविड 19 के कारण टाटा स्टील प्रबंधन ने भुवनेश्वर और रांची में होने वाली लिटरेरी मीट्स को स्थगित कर दिया है। टाटा स्टील ने ओडिशा के भुवनेश्वर में वर्ष 2016 में जबकि झारखंड के रांची में वर्ष 2017 में लिटरेरी मीट्स को लांच किया था।
जमशेदपुर, जासं। टाटा स्टील प्रतिवर्ष भुवनेश्वर और झारखंड में लिटरेरी मीट्स का आयोजन करती है। इसमें दुनिया भर के प्रमुख लेखक, वक्ताओं का आगमन होता है। लेकिन कोविड 19 के कारण टाटा स्टील प्रबंधन ने भुवनेश्वर और झारखंड के रांची में होने वाली लिटरेरी मीट्स को स्थगित कर दिया है।
टाटा स्टील ने ओडिशा के भुवनेश्वर में वर्ष 2016 में जबकि झारखंड के रांची में वर्ष 2017 में लिटरेरी मीट्स को लांच किया था। सांस्कृतिक रूप से समृद्ध और सांस्कृतिक गतिविधियों जैसे नृत्य, संगीत, सस्वर पाठ और नाट्य प्रदर्शन को बढ़ावा देने के लिए कंपनी ने इसका शुभारंभ किया था। इस आयोजन के उद्देश्य सांस्कृतिक रूप से समृद्धि पूर्वी भारत के इन दोनो राज्यों को करीब लाना और विभिन्न साहित्य के प्रति लोगों की समझ को मजबूत बनाना है। अपनी शुरुआत के बाद लिटरेरी मीट ने भारत और दुनिया भर के प्रमुख लेखकों और वक्ताओं को आकर्षित किया।
ये हस्तियां हो चुकी हैं शामिल
लिटरेरी मीट में मनोज दास, रस्किन बांड, जयंत महापात्रा, सीता कांता महापात्रा, रमाकांत नाथ, नयनतारा सहगल, किरण नागरकर, शर्मिला टैगोर, इलियाना क्रिस्टी, मार्क टुली, नंदिता दास, अमोल पालेकर, उदय प्रकाश, हरिवंश नारायण सिंह, जयराम नरेश, देवदत पटनायक, महादेव टोप्पो, अश्विनी कुमार पंकज, वंदना टेट और रेखा भारद्वाज जैसी हस्तियां शामिल हो चुकी हैं।
टाटा स्टील का ये है कहना
टाटा स्टील के लिए ओडिशा और रांची में लिटरेरी मीट सांस्कृतिक कैलेंडर का एक अभिन्न हिस्सा बन गया था। इसमें लोगों का अच्छा रिस्पांस भी मिल रहा था। इसे स्थगित करने पर टाटा स्टील, कॉरपोरेट सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी का कहना है कि कोविड 19 के कारण इस वर्ष हम लिटरेरी मीट्स की मेजबानी करने में असमर्थ हैं। एक जिम्मेदार कॉरपोरट घराना होने के कारण हमें आयोजन में शामिल होने वाले विख्यात हस्तियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा की चिंता है। हमें उम्मीद है कि अगले संस्करण में टाटा स्टील शानदार तरीके से वापसी करेंगे।