Tata Steel Controversy : टाटा स्टील चेस में कुख्यात बैंक लुटेरे को बनाया गेस्ट तो दुनिया भर में मच गया बवाल
Tata Steel Chess Controversy नॉर्वे में चल रहे टाटा स्टील चेस टूर्नामेंट में उस समय बवाल मच गया जब कुख्यात बैंक लुटेरा को आयोजकों ने गेस्ट के रूप में आमंत्रित कर दिया। 2004 में इस लुटेर ने नॉर्वे के इतिहास में सबसे बड़ी बैंक डकैती की थी...
जमशेदपुर : नॉर्वे के विज्क आन जी में खेला जा रहा टाटा स्टील चेस टूर्नामेंट उस समय विवादों में फंस गया, जब इवेंट के ब्रॉडकास्टर ने नॉर्वे के कुख्यात बैंक लुटेरा डेविड टोस्का को एक शो के लिए अतिथि के रूप में आमंत्रित कर दिया। नॉर्वे में यह टूर्नामेंट को काफी सम्मान की नजर से देखा जाता है। 30 जनवरी तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन सहित नामी-गिरामी खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
नॉर्वे के इतिहास का सबसे बड़ा बैंक डकैती
2004 में स्टवान्गर में नोकास बैंक डकैती के पीछे टोस्का को "मास्टरमाइंड" बताया गया था, जो नॉर्वे के इतिहास में सबसे बड़ा बैंक डकैती था। इस डकैती कांड में एक पुलिसकर्मी मारा गया था। एक साल बाद फरार होने के बाद उसे स्पेन में गिरफ्तार किया गया था। टोस्का को 20 साल की सजा हुई थी। 13 साल की सजा काटने के बाद 2018 में उसकी रिहाई हो गई। फिलहाल वह अपनी बेटी के साथ रहता है और एक प्रोग्रामर की नौकरी करता है।
इवेंट ब्रॉकास्टर ने किया था आमंत्रित
टोस्का को टीवी 2 के टाटा स्टील शतरंज प्रसारण के दौरान एक अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। ब्रॉडकास्टर के इस विवादास्पद कदम ने शतरंज बिरादरी को नाराज कर दिया। इस घोषणा के कुछ ही घंटे बाद एक प्रायोजक ने टूर्नामेंट से हाथ खींच लिया। नॉर्वेजियन टीवी में शतरंज के प्रसारण के दौरान मशहूर हस्तियों को मेहमानों के रूप में आमंत्रित करने की परंपरा है, लेकिन टोस्का की पसंद अब तक की सबसे विवादास्पद रही है।
बचपन से ही चेस प्लेयर रहा है टोस्का
यह कुख्तात बैंक लुटेरा शतरंज का बहुत बड़ा प्रशंसक है और किशोरावस्था में एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी के रूप में जाना जाता था। अपराध करने से पहले वह नॉर्वेजियन अंडर -14 चैंपियनशिप में चौथे स्थान पर रहा था। प्रसिद्ध शतरंज खिलाड़ी कार्लसन की सफलता से प्रेरित होकर जेल में एक बार फिर वह चेस खेलना शुरू किया। 2018 में अपनी रिहाई के बाद उसे ओस्लो के बाहर होविक में 2019 फिशर रैंडम वर्ल्ड चैंपियनशिप के आयोजन स्थल पर देखा गया। टोस्का की 2000 की ऑनलाइन रेटिंग है।
ब्रॉडकास्टर ने मांगी माफी
टोस्का सोमवार और मंगलवार को अपने टाटा स्टील शतरंज प्रसारण के लिए टीवी 2 के स्टूडियो में होस्ट फिन ग्नैट और कमेंटेटर हेइडी रेनिड और जीएम जॉन लुडविग हैमर के साथ कमेंट्री करने वाला था। उधर ब्रॉडकास्टिंग टीम के ख्य खेल संपादक वेगर जेनसेन हेगन के हवाले से कहा गया है कि शो के लिए कुख्यात लुटेरे को साइन करने का निर्णय कई लोगों से प्रतिक्रिया प्राप्त करने के बाद लिया गया था।
कुख्यात डकैत को सेलेब्रिटी की तरह ट्रीट करने से लोग नाराज
कुख्यात बैंक डकैती के दौरान मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी को जब यह पता चला तो वह काफी निराश दिखे। पुलिसकर्मी, एरिक हैलैंड ने कहा, मैं आश्चर्यचकित हूं कि मीडिया एक कुख्यात अपराधी को इतना सम्मान दे रहा है। मेरा मानना है कि उनकी प्रसिद्धि गंभीर अपराधों के कारण आई है, मेरी राय में यह मूर्खतापूर्ण महिमामंडन है।
एक स्पोर्ट्स कमेंटेटर ने कहा कि एक अपराधी को सेलेब्रिटी स्टेटस की तरह ट्रीट किया जा रहा है। क्या वह कुख्यात अपराधी नहीं होता तो उसे इस प्लेटफॉर्म पर मौका दिया जाता। उधर टोस्का ने कहा कि वह नकारात्मक प्रतिक्रियाओं के लिए तैयार थे और उम्मीद करते थे। मैं यही चाहता हूं कि अब खेल पर ध्यान केंद्रित किया जाए।