Covid- 19 Effect : टाटा संस के चेयरमैन की सलाह, टाटा समूह की सभी कंपनियां तीन से छह माह का प्लान बनाएं
Covid- 19 Effect. टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने समूह की सभी कंपनियों के सीईओ को कहा है कि कोविड-19 को देखते हुए वे तीन से छह महीने का प्लान बनाएं।
जमशेदपुर, जासं। Covid- 19 Effect टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने समूह की सभी कंपनियों के सीईओ को कहा है कि कोविड-19 को देखते हुए वे तीन से छह महीने का प्लान बनाएं। कंपनियां अपने पास पर्याप्त नकद सुनिश्चित करें। अपने कैपेक्स योजनाओं को धीमी गति से चलाएं।
एक अखबार को दिए साक्षात्कार में एन चंद्रशेखरन ने डिजिटलाइजेशन की गति में और तेजी लाने को कहा है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के कारण हर देश में एक ठहराव-सा आ गया है। इसका असर जीडीपी पर पड़ेगा। जहां तक भारत की बात है तो यहां लगभग 250 बिलियन डॉलर जीडीपी में कमी आने की उम्मीद है। ऐसे में अर्थव्यवस्था को संकट से उबारने की जरूरत है। लेन-देन नहीं हो रहा है। अर्थव्यवस्था में ऋण का बोझ बढ़ रहा है। कोविड-19 से पहले भी बाजार सुस्त था। ऐसे में उद्योगों, विशेष रूप से एमएसएमई और माइक्रो इंटरप्रेन्योर को जीवित रखने के लिए बाहरी समर्थन की आवश्यकता होगी।
कैश फ्लो पर विशेष ध्यान देने की जरूरत
विकास की गति में तेजी को इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑटोमोबाइल और लॉजिस्टिक सिस्टम को पुनर्जीवित करना होगा। उपभोक्ता व खुदरा ग्राहक वापस लौट आएंगे, लेकिन हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि लोग काम पर लौटें। सो, समय व कैश फ्लो पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। कहा कि यह महामारी कब खत्म होगी, कोई नहीं कह सकता। इसका असर कंपनियों के राजस्व पर भी पड़ेगा। खाद्य सुरक्षा के साथ-साथ अर्थव्यवस्था को वापस पटरी पर लाने के लिए हम किस तरह की पहल कर सकते हैं, इस पर विचार करें।