Tata Power Job : टाटा पावर में निकली बंपर बहाली, तीन लाख तक मिलेगा वेतन
Tata Power Recruitment 2021 आज हर युवा का सपना होता है टाटा की किसी कंपनी में नौकरी करना। टाटा पावर ने युवाओं के लिए बंपर बहाली निकाली है। अगर आपकी नौकरी लग गई तो तीन लाख तक वेतन मिल सकता है...
जमशेदपुर, जासं। टाटा पावर में 2021 के लिए बंपर बहाली निकली है, जिसमें बीई, बीटेक, डिप्लोमा के अभ्यर्थी ग्रेजुए इंजीनियर ट्रेनी (जीईटी) व सुपरवाइजर के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह बहाली टाटा पावर और इसकी सहायक कंपनी टाटा पावर सोलर सिस्टम लिमिटेड (टीपीएसएसएल) के लिए निकाली गई है। सुपरवाइजर ट्रेनी के लिए बीई, बीटेक व डिप्लोमा के फ्रेशर लिए जाएंगे, जिसमें इन विषयों में पढ़ने वाले अंतिम वर्ष के छात्र भी शामिल हो सकते हैं। इसमें सफल उम्मीदवार की प्रतिनियुक्ति देश के किसी भी कोने में की जा सकती है।
तीन लाख रुपये सालाना तक मिलेगा वेतन
बीई, बीटेक, डिप्लोमा, फ्रेशर, फाइनल ईयर व अनुभवी उम्मीदवार इन पदाें के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए सभी स्ट्रीम के छात्र आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए कोई अंतिम तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन आवेदन ASAP के माध्यम से करना होगा। इसमें चयनित प्रतिभागियों को सालाना 2.8 लाख से 3.2 लाख रुपये प्रतिवर्ष या 18,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।
इसमें महत्वपूर्ण बात यह है कि कंपनी किस पद के लिए कितने लोगों को नियुक्त करेगी, इसे अभी नहीं बताया गया है। यहां बता दें कि टाटा पावर का प्लांट जमशेदपुर के जोजोबेड़ा में स्थित है, लेकिन यदि जो उम्मीदवार यह सोच रहे हैं कि उनकी नियुक्ति जमशेदपुर में ही हो जाएगी, यह जरूरी नहीं है। टाटा पावर ने देश भर में अपना संजाल बिछा लिया है।
विदेश में भी कंपनी कई प्रोजेक्ट कर रही है। हालांकि इसमें स्पष्ट किया गया है कि चयनित उम्मीदवार भारत के अंदर ही प्रतिनियुक्त किए जाएंगे। उनकी नियुक्ति टाटा पावर के पारंपरिक ऊर्जा संयंत्र के अलावा सौर ऊर्जा से संचालित उत्पादन इकाइयों में भी की जा सकती है।
जमशेदपुर में टाटा स्टील प्लांट को करती आपूर्ति
टाटा पावर की जमशेदपुर के जोजोबेड़ा स्थित पावर प्लांट से टाटा स्टील कंपनी को बिजली की आपूर्ति की जाती है। इसके अलावा जमशेदपुर शहर के लिए भी यहां से विद्युत आपूर्ति होती है। यह अनुपात कुल विद्युत उत्पादन का लगभग आधा होता है। टाटा पावर की जमशेदपुर के अलावा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, गुजरात के मुंद्रा, मुंबई स्थित ट्राम्बे, ओडिशा के कलिंगनगर व पश्चिम बंगाल के हल्दिया में विद्युत उत्पादन संयंत्र है।
आवश्यक लिंक
टाटा पावर की आफिशियल वेबसाइट- https://www.tatapower.com/