टाटा मोटर्स ने 55 साल से अधिक उम्र के कर्मचारियों को कंपनी आने से रोका Jamshedpur News
कंपनी के सीएचआरओ ने जारी किया सर्कुलर हरकत में आए प्रबंधन ने सोमवार को काम करने आए कर्मचारी घर लौटाया।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। टाटा मोटर्स कंपनी ने 55 वर्ष से ज्यादा उम्र वाले कर्मचारियों के कार्यालय आने पर प्रतिबंध लगा दिया है। अधिकारियों को घर से ही काम करने को कहा है। कॉरपोरेट ह्यूमन रिर्सोस ऑफिसर (सीएचआरओ) ने इस संबंध में सर्कुलर भी जारी कर दिया है।
इसमें कहा गया है कि कंपनी में 55 वर्ष से ज्यादा उम्र वाले कर्मचारियों व अधिकारियों को अब ड्यूटी पर नहीं बुलाना है। ई ग्रेड कर्मचारियों को पहले से ही काम पर नहीं बुलाया जा रहा है। यह आदेश टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट, लखनऊ, पुणे, पंतनगर समेत सभी कंपनियों में प्रभावी रहेगा।
रविवार को जारी सर्कुलर के बाद सोमवार को जमशेदपुर प्लांट आने वाले कर्मचारियों को मना कर दिया गया। जो लोग काम पर आये थे, उन्हें वापस घर भेज दिया गया। कहा गया कि कर्मचारी घर पर ही रहेंगे। कहीं बाहर नहीं जाएंगे। साथ ही उन्हें हर दिन कंपनी की वेबसाइड पर स्वास्थ्य की जानकारी देनी है। ई ग्रेड के कर्मचारी अपने डिवीजन प्रमुख के संपर्क में रहेंगे। वहीं, सुपरवाइजर से ऊपर वाले अधिकारी अपने घर से ही काम करेंगे।
बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए लिया गया निर्णय
कंपनी के प्रेसिडेंट व सीएचआरओ रविन्द्र कुमार के हस्ताक्षर से जारी इस सर्कुलर में कहा गया है कि जमशेदपुर में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मद्देनजर प्रबंधन ने यह कदम उठाया है। 55 वर्ष और इससे अधिक उम्र के कर्मचारियों को घर से ही काम करना है।
मधुमेह व उच्च रक्तचाप वाले कर्मचारी भी अपने घर से ही अपना काम करेंगे। यह सर्कुलर तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। कंपनी पिछले 12 महीने में मेडिकल रिकार्ड के आधार पर हाई रिस्क मसलन हार्ट अटैक व सर्जरी आदि की पहचान किए गए कर्मचारियों को पहले ही वर्क फॉर्म होम का निर्देश दे चुकी है।