संस्थापक दिवस पर टाटा मोटर्स पहुंचे रतन टाटा व एन. चंद्रशेखरन, दी श्रद्धांजलि
टाटा मोटर्स में 182वां संस्थापक दिवस बुधवार को मनाया गया। कंपनी परिसर स्थित जेएन टाटा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसकी शुरुआत टाटा संस के चेयरमैन एमेरिटस रतन टाटा और टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के साथ की।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स में 182वां संस्थापक दिवस बुधवार को मनाया गया। कंपनी परिसर स्थित जेएन टाटा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसकी शुरुआत टाटा संस के चेयरमैन एमेरिटस रतन टाटा और टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के साथ की। इसके बाद टाटा मोटर्स के प्लांट हेड विशाल व अन्य वरीय अधिकारियों संग यूनियन नेताओं ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।
विशाल बादशाह ने रतन टाटा व एन. चंद्रशेखरन की अगुवाई की तथा कंपनी के विकास की कहानी बताई। कमर्शियल व्हीकल्स की नई रेंज गाड़ियों के बारें में बताया गया। नए मॉडल की गाड़ियां दिखाने से लेकर उसके बारे में विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर टाटा स्टील के प्रबंध निदेशन टीवी नरेंद्रन भी मौजूद रहे।
75 साल की यात्रा की जश्न मना रही कंपनी
टाटा मोटर्स अपनी 75 साल की यात्रा का जश्न भी मना रही हैं। टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा के जीवन और भारत में उनके योगदान को यादगार बनाने के लिए टाटा समूह में तीन मार्च को संस्थापक दिवस मनाया जाता है।
संस्थापक दिवस पर कुष्ठ रोगियों को कराया भोजन
जमशेदजी नसरवान टाटा के 182वां जन्म दिवस के अवसर पर टीआरएफ कर्मचारियों द्वारा संचालित राकेश्वर पांडेय समाज कल्याण समिति की बर्मामाइंस स्थित कुष्ठ आश्रमवासियों को दोपहर का भोजन कराया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत झारखंड प्रदेश अध्यक्ष (इंटक) राकेश्वर पांडेय ने की।
कार्यक्रम का संचालन टीआरएफ लेबर यूनियन के सहायक सचिव अंजनी कुमार ने किया। इस कार्यक्रम में मनीष कुमार, अमित कुमार, मंतोष कुमार, पी. कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, प्रिया महतो, सुधीर कुमार, राजीव कुमार, रवि शंकर झा व टीआरएफ लेबर यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट रास बिहारी राय, वाइस प्रेसिडेंट संजय कुमार, महामंत्री हीरामानेक, कोषाध्यक्ष नवीन कुमार, डीके प्रजापति एवं कंपनी के कर्मचारी उपस्थित थे।