टाटा मोटर्स के सिविल मेंटेनेंस ठेका मजदूरों ने फिर किया कार्य बहिष्कार Jamshedpur News
Tata Motors. टेल्को में सिविल मेंटेनेंस में कार्यरत टाटा मोटर्स एनुअल कांट्रैक्टर (एआरसी) मजदूर व जुस्को के ठेका मजदूरों ने एक बार फिर कार्य बहिष्कार किया।
जमशेदपुर, जासं। टेल्को में सिविल मेंटेनेंस में कार्यरत टाटा मोटर्स एनुअल कांट्रैक्टर (एआरसी) मजदूर व जुस्को के ठेका मजदूरों ने एक बार फिर शनिवार को कार्य बहिष्कार किया। शनिवार को जब मजदूर काम पर लौटे तो ठेकेदार द्वारा यह कहा गया कि वे सभी मजदूरों को एक साथ काम नहीं दे पाएंगे। ऐसे में कुछ मजदूरों की छंटनी करनी होगी। फिर क्या था, मजदूर बिफर गए तथा कार्य का बहिष्कार कर दिया।
उनका कहना था कि जब काम करेंगे तो सभी करेंगे अन्यथा पूर्व की तरह आंदोलन शुरू करेंगे। उधर आंदोलन का नेतृत्व करनेवाले विधायक रामदास सोरेन ने भी मजदूरों के इस कदम का समर्थन किया है। बीते गुरुवार को उप श्रमायुक्त राजेश प्रसाद की मध्यस्थता में हुई त्रिपक्षीय वार्ता में बनी सहमति के बाद कामगारों ने पिछले 20 से अधिक दिनों से चली आ रही हड़ताल वापस लेने की घोषणा की थी। वार्ता में कामगार प्रतिनिधियों को ग्रेच्युटी के लिए कामगारों के योगदान तिथि, सेवा अवधि और पे स्लिप टाटा मोटर्स प्रबंधन को उपलब्ध कराएंगे। जिन कामगारों के कागजात नहीं हैं उनके लिए प्रबंधन एक नीति (फार्मूला) तैयार करेगा। इसे 21 सितंबर की शाम चार बजे होने वाली वार्ता में प्रबंधन पेश करेगा। प्रबंधन ने वर्तमान नियम के मुताबिक ग्रेच्युटी भुगतान करने पर सहमति दी। मजदूर प्रतिनिधि व विधायक रामदास सोरेन ने कामगारों का 15 दिनों के अनुपात पर ग्रेच्युटी तय करने का प्रस्ताव दिया।