टाटा मोटर्स में बनेंगे 9500 वाहन, वापस बुलाए जा रहे बैठाये गए अस्थायीकर्मी
टाटा मोटर्स का उत्पादन बढ़ गया है। चालू माह में 9500 वाहन बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उत्पादन लक्ष्य बढ़ने का फायदा काम से बैठाये गए अस्थायीकर्मियों को मिलेगा।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। टाटा मोटर्स का उत्पादन बढ़ गया है। चालू माह में 9500 वाहन बनाने का लक्ष्य रखा गया है। फरवरी महीने में कंपनी में कुल 7000 वाहन बनाए गए थे। उत्पादन बढऩे के साथ ही काम से बैठाए गए अस्थायी कर्मियों की वापसी होने लगी है। शुक्रवार को 500 अस्थायी कर्मी काम पर बुलाए गए, जिन्हें बीते माह सेपरेशन किया गया था। काम के ऑडर ज्यादा होने की वजह से कई जगह ए व बी दोनों पाली में काम हो रहा है। रात्रि पाली में भी कई जगह काम हो रहा है।
टाटा कमिंस में बनेंगे 9000 इंजन
टाटा मोटर्स के साथ ही टाटा कमिंस का भी उत्पादन बढ़ गया है। चालू माह मार्च में कुल 9,000 इंजन बनाने का लक्ष्य रखा गया है। बीते माह फरवरी में यहां 6,500 इंजन बनाए गए थे। जबकि पुणे व जमशेदपुर प्लांट में कुल 12 हजार इंजन बनाए गए थे। इधर, टाटा कमिंस में बीएस-सिक्स इंजन बनाने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इस अत्याधुनिक बीएस - सिक्स इंजन का ट्रायल भी होने लगा है। बीते माह में कई इंजनों को ट्रायल के लिए सड़कों पर उतारा गया है। 2020 से यहां सिर्फ बीएस-सिक्स मॉडल के इंजन ही बनाए जाएंगे। जानकारी हो कि टाटा मोटर्स ही कमिंस के इंजन का मुख्य ग्राहक है। जमशेदपुर के अलावा लखनऊ, पुणे आदि स्थानों पर यहां के इंजन भेजे जाते हैं।