Tata EV : टाटा ला रही दुनिया की सबसे छोटी नैनो इलेक्ट्रिक कार, अबकी होगा टोटल धमाल
Tata EV रतन टाटा का सपना है कि आम आदमी भी कार में सैर कर सके। इसी ख्याल के साथ नैनो को बाजार में उतारा गया था लेकिन ग्राहकों का अच्छा रेस्पांस नहीं मिला। अब टाटा समूह एक बार फिर नैनो कार लाने जा रही है।
जमशेदपुर, जासं। इलेक्ट्रिक व्हीकल का दुनिया भर में बड़ा बाजार बन रहा है। ऐसे में टाटा दुनिया की सबसे छोटी इलेक्ट्रिक कार ला रही है, जो सबके आकर्षण का केंद्र बन सकता है। यह कार पेट्रोल-डीजल वाली पुरानी नैनो से भी छोटी होगी। हालांकि पुरानी नैनो का बाजार उम्मीद के अनुरूप विकसित नहीं हो सका था, लेकिन टाटा काे भरोसा है कि इलेक्ट्रिक नैनो दुनिया भर में छा जाएगी। ना केवल सस्ती होने की वजह से बल्कि छोटी और कम मेंटेनेंस की वजह से भी लोग इसे पसंद करेंगे। टाटा का टैग लगा होने की वजह से इसे अलग से प्रचार करने की ज्यादा आवश्यकता नहीं होगी।
चीनी कंपनी के साथ हुआ करार
छोटी चीज या उत्पादन बनाने में माहिर चीन की ही एक कंपनी वुलिंग हांगगुआंग के साथ टाटा ने करार किया है। वुलिंग नैनो 2021 में लांच की जा चुकी है। इसे चीन के तियानजिन इंटरनेशनल ऑटो शो में प्रदर्शित किया गया था। इस कार की परिधि चार मीटर से भी कम है, लिहाजा इसमें दो ही लोग बैठ सकते हैं। यह कार 1,526 मिलीमीटर चौड़ी, 1,616 मिलीमीटर ऊंची और 2,497 मिलीमीटर लंबी है। यही इसे दुनिया की सबसे छोटी कार बनाती है।
सीट के नीचे लगी बैट्री
इसमें 33 पीएस इलेक्ट्रिक मोटर लगा है, जिसकी अधिकतम टॉर्क क्षमता 85 एनएम है। इसकी अधिकतम गति 100 किलोमीटर प्रतिघंटा होगी। इसमें बैटरी से 28 किलोवाट प्रति घंटा ऊर्जा की खपत होगी। इसकी सीट के नीचे बैट्री लगी होगी, जिसे 220 वोल्ट की घरेलू बिजली से 4.5 घंटे में पूरी तरह चार्ज किया जा सकेगा। कंपनी का दावा है कि एक बार चार्ज होने के बाद यह 305 किलोमीटर तक जाएगी।
शॉर्ट सर्किट अलार्म से होगी लैस
कंपनी का दावा है कि यह पूरी तरह सुरक्षित रहेगी। जैसे ही कोई इलेक्ट्रिक फाल्ट होगा, अलार्म बजेगा। इसके अलावा इलेक्ट्रोनिक ब्रेक टायर की गति को नियंत्रित कर लेगा। इसमें कार की सभी गतिविधियां सात इंच के स्क्रीन पर डिस्प्ले होती रहेंगी। लिहाजा आप कार चलाते वक्त ही इसकी आंतरिक व्यवस्था पर निगरानी भी रख सकेंगे।