टाटा कमिंस में 19 फीसद बोनस पर प्रबंधन तैयार
टाटा कमिंस में प्रबंधन 19 फीसद सालाना बोनस देने पर करीब-करीब सहमत हो गया है।
जमशेदपुर : टाटा कमिंस में प्रबंधन 19 फीसद सालाना बोनस देने पर करीब-करीब सहमत हो गया है। हालांकि, यूनियन 20 फीसद बोनस की मांग कर रही है जबकि नए फार्मूला के अनुसार 18.5 फीसद ही बोनस बन रहा है। बोनस को लेकर दो दिन प्रबंधन और यूनियन के बीच लगातार वार्ता हुई। बुधवार को भी करीब डेढ़ घंटे वार्ता चली मगर अंत तक कोई निर्णय नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि यूनियन ने अब बोनस पर अंतिम फैसला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह के ऊपर छोड़ दिया है। वे 23 या 24 सितंबर को जमशेदपुर आएंगे। उसी दिन बोनस फाइनल होगा। मालूम हो कि पिछले साल टाटा कमिंस में छह अक्टूबर की रात लगभग एक बजे बोनस समझौता हुआ था। समझौते के तहत वर्ष 2015-16 के लिए कर्मचारियों को 20 प्रतिशत बोनस मिला था। साथ ही साथ 2016-17 के लिए नया बोनस फार्मूला भी बनाया गया था। कमेटी मेंबरों ने उसी समय यह आशंका जाहिर की थी कि नए फार्मूला के अनुसार 20 फीसद बोनस मिलना मुश्किल होगा।