2007 से निलंबित चंद्रमौली मिश्रा लड़ेंगे कमिंस यूनियन चुनाव
टाटा कमिंस चुनाव लड़ेंगे चंद्रमौली मिश्रा
पांच को जारी होगी मतदाता सूची, 18 को होगा चुनाव
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : टाटा कमिंस वर्कर्स यूनियन के पूर्व पदाधिकारी चंद्रमौली मिश्रा इस बार यूनियन चुनाव लड़ेंगे। उनके चुनाव लड़ने की घोषणा से चुनावी माहौल और दिलचस्प हो गया है। यूनियन चुनाव 18 अप्रैल को होगा जबकि पांच अप्रैल को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। चंद्रमौली मिश्रा ने कहा कि कंपनी के कर्मचारी हर रोज उनसे संपर्क कर चुनाव लड़ने की मांग कर रहे हैं। जानकारी हो कि 2005 के यूनियन चुनाव में वे पहली बार सबसे कम उम्र (23)के पदाधिकारी बने थे। वे एक अप्रैल 2007 से निलंबित हैं लेकिन आज भी उनके अंदर मजदूरों के हित में काम करने की ललक है। उन्होंने कहा कि नए कर्मचारियों को मेंबर बनाने की बात कह कर वर्तमान यूनियन सहानुभूति लेने में लगी हैं जबकि सच यह है कि 2005 में ही नए कर्मचारियों को सदस्य बनाकर उन्हें चुनाव लड़ने का अधिकार दिया गया था। कहा कि आज हरेक कंपनी में कर्मचारीपुत्रों का निबंधन होता है लेकिन यहां ऐसा नहीं हो रहा हैं। बीते वर्ष कंपनी में वीआरएस लाया गया था, जो गलत हैं। मिश्रा ने कहा कि अगर जरुरत पड़ी तो वे कर्मचारियों के लिए यूनियन अध्यक्ष राजेंद्र सिंह से भी मिलेंगे।
--------------------