सुशांत सिंह मौत मामले में जमशेदपुर के युवाओं ने फूंका महाराष्ट्र सरकार और पुलिस का पुतला Jamshedpur News
बिहार पुलिस के साथ दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए हिंदुस्तान युवा मोर्चा के सदस्यों ने मंगलवार को महाराष्ट्र सरकार और महाराष्ट्र पुलिस का पुतला दहन किया।
जमशेदपुर (जासं) । फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के मामले को छिपाने तथा जांच करने गई बिहार पुलिस के साथ दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए हिंदुस्तान युवा मोर्चा के सदस्यों ने मंगलवार को महाराष्ट्र सरकार और महाराष्ट्र पुलिस का पुतला दहन किया। साकची गोलचक्कर में पुतला दहन के पूर्व संगठन के संस्थापक अजय कुमार और कौशल सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में महाराष्ट्र सरकार व पुलिस के खिलाफ लिखे नारों की तख्तियां लेकर विरोध जताया।
इस अवसर पर उन्होंने महाराष्ट्र पुलिस के इस कृत्य को क्रिमिनल सोच करार देते हुए कहा कि इससे लगता है कि इस हत्या मे महाराष्ट्र सरकार का सीधा संलिप्तता है। मोर्चा ने सुशांत सिंह राजपूत के लिए न्याय मांगते हुए केंद सरकार से अविलंब महाराष्ट्र सरकार को बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लगाते हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया। कार्यक्रम में संगठन के अजय कुमार, कौशल सिंह के अलावा सन्नी, आशीष पात्रो, अमित, अमर, छोटू, मोइन, गोलू, जीयार सहित कई सदस्य उपस्थित थे।