Jharkhand Assembly Election 2019 : अचानक रांची, फिर दिल्ली रवाना हुए सरयू Jamshedpur News
सुबह सरयू राय के घर समर्थकों की भीड़ जमा हो गई। बार-बार उनके जिंदाबाद के नारे लगते रहे। अचानक दोपहर को सरयू राय रांची के लिए निकल गए। वहां से दिल्ली रवाना हुए।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र से सरयू राय भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इसपर अब भी संशय बरकरार है। रविवार को हुई टिकटों की घोषणा में जमशेदपुर पश्चिमी विस सीट के लिए प्रत्याशी की घोषणा नहीं होने के बाद तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
सोमवार को सुबह सरयू राय के घर समर्थकों की भीड़ जमा हो गई। बार-बार उनके जिंदाबाद के नारे लगते रहे। अचानक दोपहर को सरयू राय रांची के लिए निकल गए। बताया जा रहा है कि प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के बुलावे पर वे रांची के लिए गए। अनुमान लगाया जा रहा था कि वे टिकट के सिलसिले में ही बुलाए गए हैं। हालांकि शाम होते-होते समर्थकों की बेचैनी बढ़ती गई। फिर अचानक खबर आई कि सरयू राय को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय बुलाया गया है। इसलिए वे रांची से दिल्ली के लिए निकल गए हैं।
तीन सीटों पर जिच कायम, चर्चा का बाजार गर्म
जमशेदपुर पश्चिमी सहित तीन सीटों पर भाजपा प्रत्याशी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। जमशेदपुर पश्चिमी से सरयू राय के नाम की घोषणा नहीं किए जाने के बाद एक धड़ा उनका टिकट कट जाने की बात कह रहा है जबकि ज्यादातर समर्थक सरयू राय को ही टिकट मिलने की बात कह रहे हैं। जमशेदपुर पश्चिमी के अलावा सरायकेला विस सीट पर भी अबतक भाजपा प्रत्याशी की घोषणा नहीं हुई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार इस सीट के लिए गणेश महली को टिकट दिए जाने के लिए केंद्रीय मंत्री जोर लगा रहे हैं। बताया जाता है कि सरयू राय के अलावा नीलकंठ सिंह मुंडा भी रांची बुलाए गए हैं। सरयू के रांची जाने से एक बार फिर सियासी चर्चाओं का दौर चल पड़ा है। हालांकि अभी तक कोई कुछ स्पष्ट तौर पर कहने को तैयार नहीं है।शाम तक तस्वीर कुछ साफ होने का अनुमान लगाया जा रहा है।