75 प्रतिशत से अधिक मरीजों में शुगर का स्तर अनियंत्रित, पैरों में ये चार परेशानी हो तो जाएं अलर्ट
भारत में मधुमेह यानी शुगर महामारी का रूप लेता जा रहा है। अगर समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो यह खतरनाक साबित हो सकता है। आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि अगर आपको शुगर है तो क्या-क्या शुरुआती लक्षण हो सकते हैं।
जमशेदपुर : भागदौड़ की जिंदगी में शुगर के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। ऐसे में आपको सावधान होने की जरूरत है। यह रोग किसी को भी हो सकता है। कम उम्र में ही शुगर होने लगा है। एक सर्वे के अनुसार, देश में मधुमेह के 75 प्रतिशत से अधिक मरीजों में शुगर का स्तर अनियंत्रित रहता है। इससे हृदय रोग, रक्तचाप, स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारी होने का खतरा अधिक रहता है। मधुमेह को साइलेंट किलर भी कहा जाता है लेकिन इससे बचाव के लिए कुछ लक्षण आपको जानने की जरूरत है। विशेषज्ञ चिकित्सकों का कहना है कि पैरों में अगर चार परेशानी हो तो उसे नजरअंदाज नहीं करें बल्कि जांच कराएं।
पैरों में हो सकती है ये चार परेशानी
पैरों में सुन्न पड़ना : अगर आपके पैर में बार-बार सुन्न पड़ रहा है तो इसे नजरअंदाज नहीं करें। चिकित्सकों का कहना है कि जिन लोगों के शरीर में रक्त शर्करा का स्तर अधिक होता है उनके शरीर में रक्त संचार बाधित होता है। साथ ही, नसें भी प्रभावित होती हैं। इस वजह से पैर सुन्न हो सकता है। इस स्थिति में चोट भी लगे तो महसूस नहीं होता है। इस दौरान शुगर की जांच अवश्य करानी चाहिए।
सूजन : लंबे समय तक एक ही पोजिशन में खड़े या बैठे रहने से पैरों में सूजन आ जाती है। इसे भी नजरअंदाज नहीं करें। यह भी ब्लड शुगर बढ़ने का लक्षण है।
पैरों में घाव होना : अगर आपके पैरों में बार-बार घाव हो रहा है तो एक बार शुगर की जांच कराएं। ऐसा देखा गया है कि जिसके पैरों में बार-बार घाव होता है उनमें शुगर का स्तर बढ़ा हुआ मिलता है। हाई ब्लड शुगर के कारण शरीर में ज्यादा बैक्टीरिया फैलने लगता है। इसी वजह से शरीर में इंफेक्शन फैलता है और घाव होने लगता है।
पैरों में जलन : ब्लड शुगर बढ़ने पर पैर के तलवे या फिर पंजों में जलन की समस्या भी सामने आती है। ऐसी परिस्थिति में भी जांच कराएं