Move to Jagran APP

समाज कल्‍याण मंत्री जोबा माझी बोलीं: सरकार से ढेरों उम्मीदें, थोड़ा सब्र करें; निकलेगा हल

समाज कल्याण महिला एवं बाल विकास मंत्री जोबा माझी ने कहा है कि सरकार से जनता की ढेर सारी उम्‍मीदें हैं। ऐसे में सब्र जरूरी है। थोड़ा इंतजार करें सभी समस्‍याओं का हल निकलेगा।

By Rakesh RanjanEdited By: Published: Sun, 09 Feb 2020 03:32 PM (IST)Updated: Mon, 10 Feb 2020 09:50 AM (IST)
समाज कल्‍याण मंत्री जोबा माझी बोलीं: सरकार से ढेरों उम्मीदें, थोड़ा सब्र करें; निकलेगा हल
समाज कल्‍याण मंत्री जोबा माझी बोलीं: सरकार से ढेरों उम्मीदें, थोड़ा सब्र करें; निकलेगा हल

चक्रधरपुर, जासं।  झारखंड  की समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास मंत्री सह मनोहरपुर की विधायक जोबा माझी ने कहा है कि सरकार से जनता की ढेर सारी उम्‍मीदें हैं। ऐसे में सब्र जरूरी है। थोड़ा इंतजार करें सभी समस्‍याओं का हल निकलेगा।

loksabha election banner

कोल्‍हान के चक्रधरपुर स्थित दैनिक जागरण कार्यालय में रविवार को प्रश्न पहर कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें जोबा माझी प्रश्न पहर कार्यक्रम में मौजूद रहीं। राज्य की जनता ने कैबिनेट मंत्री से मोबाइल पर सवाल पूछे, जिसका उन्होंने जवाब दिया। प्रश्न पहर कार्यक्रम सवा घंटे से अधिक समय तक चला। इस दौरान मंत्री ने जनता से हिंदी के अलावा संथाली एवं हो भाषा में भी बात की और उनकी समस्याएं भी पूछीं। सर्वाधिक सवाल क्षेत्र से रोजगार को पलायन, मानव तस्करी व आंगनबाड़ी केन्द्रों में नियुक्त सेविकाओं-सहायिकाओं के मानदेय से संबंधित थे। 

सवाल : वित्तरहित शिक्षा नीति से संस्थानों को परेशानी हो रही है। इसका हल कैसे निकालेंगे?

-लाल मोहन महतो, जमशेदपुर 

मंत्री : राज्य में नई सरकार बनी है और जनता को ढेरों उम्मीदें हैं। कैबिनेट में समस्या को रखेंगे। समस्या का हल निकाला जाएगा।

सवाल : मंत्री जी से कब और कहां मुलाकात की जा सकेगी?

-शांति लता टुडू, तलसा, पोटका विस क्षेत्र

मंत्री : शुक्रवार व शनिवार को चक्रधरपुर पम्प रोड स्थित आवास में मुलाकात कर सकेंगे। जबकि गुरुवार को रांची में मुलाकात की जा सकेगी।

सवाल : मनोहरपुर विस क्षेत्र के टुनिया से कीतापी तक जाने वाली सड़क कब तक बनेगी?

-राजेश महतो, टुनिया  सोनुवा

मंत्री : आप की ही विधायक हूं। सड़क निर्माण के लिए लिखकर मुझे दें। सड़क बनवा दी जाएगी।

सवाल : क्षेत्र में पावरग्रिड की जरूरत है। इसकी क्या प्रक्रिया है। इसे बनवाने में मदद करें?

-पपाई चक्रवर्ती, कदमा जमशेदपुर 

मंत्री : पावरग्रिड बनवाने के लिए ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन दें। आपका प्रस्ताव आगे बढ़ाएंगे। 

सवाल : 11 जुलाई 2019 को संविदा के आधार पर नियुक्ति के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिला में प्रक्रिया हुई थी। लेकिन अब तक परिणाम जारी नहीं किया गया। संबंधित वेबसाइट पर रोज विजिट करते हैं, लेकिन कोई सूचना उपलब्ध नहीं है?

-भूपेंद्र कुमार, मनोहरपुर

मंत्री : इतने समय से लंबित है तो विधायक को इसकी सूचना देनी चाहिए थी। पहले संज्ञान में देते तो अब तक समाधान हो गया होता। समय निकालकर मुझसे मिलें। उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम से मिलकर सब ठीक करा देंगे।

सवाल : 16 जनवरी को पत्नी की डिलीवरी सदर अस्पताल में कराई। लेकिन अब तक सहायता राशि एवं माता को पोषाहार नहीं मिला। 15 दिन से आंगनबाड़ी केंद्र का चक्कर लगा रहे, लेकिन सेविका नहीं मिल रही है?

-कृष्णा मुण्डा, सोनारी स्लम एिरया जमशेदपुर

मंत्री : सेविका सेंटर नहीं जा रही है तो बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सीडीपीओ से मिलें और लिखित शिकायत करें। बच्चा यदि कमजोर और कुपोषित है तो जच्चा-बच्चा को 15 दिन कुपोषण उपचार केंद्र में रखने की व्यवस्था है।

सवाल : चिरिया माइंस से रोजगार के लिए शहरों में पलायन हो रहा है। इसे रोकने के लिए क्या पहल करेंगे और कैसे रोकेंगे?

-वीरू मुण्डा, चिरिया माइंस एवं अलावा बैरम खान चक्रधरपुर

मंत्री : मुख्यमंत्री ने राज्य के बेरोजगारों को रोजगार देने की योजना बनाई है। आज कड़े कम्पीटिशन के बिना नौकरी नहीं मिलती है। माइंस में सबको रोजगार देना मुश्किल है। इसलिए युवा अपनी योग्यता एवं क्षमता का उपयोग कर स्वरोजगार करें। सरकार को पलायन रोकना है। रोजगार देना है और शिक्षा व्यवस्था को भी दुरूस्त करना है। सब्र और इंतजार करें। सब काम होगा। ग्रामीण स्तर पर पलायन रोकने के लिए गांव के बुद्धिजीवी, मुखिया एवं परिजनों का सहयोग होना बहुत जरूरी है। रोजगार हर गांव में देना संभव नहीं है। गांवों में खेतीबाड़ी के लिए पानी की व्यवस्था कराएंगे। सरकार स्वरोजगार के लिए समूहों को मदद देगी, ताकि गांवों से पलायन न हो।

सवाल : मझगांव के सेंटर 2 में छह माह से आंगनबाड़ी सेविका का चयन नहीं हो पा रहा है?

-नसीरा सबा, नाजरीन खातून, रफत जहां, नूरी खातून, शबनम दीदी एवं जायदा दीदी, मझगांव 

मंत्री : मामले का पता करवाते हैं। जल्द ही केंद्र में आंगनबाड़ी सेविका का चयन करा देंगे, ताकि बच्चों को पोषाहार समेत अन्य योजनाओं का लाभ मिल सके।

सवाल : अर्जुनपुर मैदान के समीप स्थित पुलिया का निर्माण होगा या नहीं?

-राकेश सुरीन, बोयकेड़ा सोनुवा 

मंत्री : प्राथमिकता के आधार पर पुलों का निर्माण कराया जाएगा। समस्या की लिखकर आवेदन दें। थोड़ा समय लगेगा, लेकिन पुलिया जरूर बनेगी।

सवाल : सिलाई सेंटर खोलना चाहती हूं। सरकारी स्तर पर मदद का क्या प्रावधान है और क्या मदद मिलेगी?

- दिव्या मुर्मू, सोनारी जमशेदपुर

मंत्री : स्वरोजगार के लिए सरकार मदद करती है। इसके लिए आपके पास योग्यता एवं क्षमता होनी चाहिए। किसी भी तरह की मदद के लिए अपने जिला के उपायुक्त से संपर्क करें।

सवाल : आंगनबाड़ी केंद्र की सेविक का मानेदय में बढ़ोत्तरी या स्थायीकरण की दिशा में सरकार क्या विचार कर रही है?

निशिकांत महतो, धालभूमगढ़

मंत्री : नई सरकार है, अभी हाल ही में मंत्रालय का बंटवारा हुआ है। कैबिनेट की पहली बैठक भी नहीं हुई है। सरकार चलने लगेगी तो सेविका को सम्मानजनक मानेदय देने की दिशा में निर्णय लिया जाएगा। जहां तक स्थायीकारण का प्रश्न है इस पर पूरी सरकार को निर्णय लेना है।

सवाल : गोईलकेरा मेन रोड की स्थिति बेहद जर्जर है। बालिका स्कूल से मार्शल चौक तक सड़क का निर्माण होना चाहिए?

तारिक अनवर, गोईलकेरा

मंत्री : उक्त सड़क निर्माण के लिए सभी की सहमति जरूरी है। पीडब्लूडी रोड है। विवाद को छोड़ जनता पहल करे तो सड़क का निर्माण हो जाएगा।

सवाल : बेहतर शिक्षा, रोजगार की व्यवस्था और पलायन पर रोक लगाने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है?

मोहम्मद परेवज अंसारी, गोईलकेरा

मंत्री : एसएचजी का गठन कर, सिंचाई और कुटीर उद्योग के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। पलायन पर रोक लगाने के लिए परिवार वालों को भी आगे आना होगा।शिक्षा की दशा सुधारने के लिए सरकार गंभीर है।इन्‍होंने भी पूछे सवाल

संजय कुमार मनोहरपुर, अकबर खान गोईलकेरा, राजेंद्र प्रसाद महतो गिरीडीह, विश्वनाथ राम साहू, मानगो आदि ने भी प्रश्न पूछे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.