ब्रिटेन से जमशेदपुर आए छह लोग, मचा हड़कंप; कोरोना जांच के बाद किए गए आइसोलेट
ब्रिटेन से छह लोगों के जमशेदपुर शहर पहुंचने की सूचना पर जिला स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में विशेष टीम गठित की गई और उन छह लोगों को पता ढूंढकर निकाला गया। सबों को अगले एक सप्ताह तक होम आइसोलेशन में रहने का निर्देश दिया गया है।
जमशेदपुर, जासं। यूनाइटेड किंगडम यानी ब्रिटेन में कोरोना के साथ-साथ नया वायरस स्ट्रेन तेजी से फैल रहा है। इसी बीच ब्रिटेन से छह लोगों के जमशेदपुर शहर पहुंचने की सूचना पर जिला स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में विशेष टीम गठित की गई और उन छह लोगों को पता ढूंढकर निकाला गया।
इसके बाद सभी के घर टीम पहुंची और उन सभी का नमूना लिया गया। इसके साथ ही उनके संपर्क में आए कुल 34 लोगों का भी नमूना लिया गया। देर शाम सभी की रिपोर्ट आई जिसमें किसी भी व्यक्ति में कोरोना होने की पुष्टि नहीं हुई है, जो शहर के लिए राहत की बात है। फिर भी विभाग कोई रिस्क लेना नहीं चाहता और सभी को सावधानी के तौर पर अगले एक सप्ताह तक होम आइसोलेशन में रहने का निर्देश दिया गया है।
विदेश से आने पर सूचना देने की अपील
ब्रिटेन से आए सभी छह लोग शहर के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं। इनमें सोनारी के दो, रहरगोड़ा के एक, मानगो के एक, एग्रिको के एक और बिष्टुपुर के एक व्यक्ति रहनेवाले हैं। ये सभी 11 से 20 दिसंबर के बीच शहर पहुंचे हैं। जिला सर्विलांस पदाधिकारी डॉ. साहिर पाल ने कहा कि इस महामारी से निपटने में सबका सहयोग जरूरी है। अगर लोग सहयोग नहीं करेंगे तो मुश्किल होगी। कोई भी व्यक्ति अगर विदेश से आता है तो उसकी सूचना विभाग को अवश्य दे। साथ ही कोरोना जांच भी कराएं, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।